सोते समय गोली मारकर किसान की हत्या
गाज़ीपुर। रात में घर से खाना खाकर, घर के बाहर नीम के पेड़ के नीचे सो रहे 60 वर्षीय किसान प्रेम प्रकाश राय पुत्र स्व. बनारसी राय की गुरुवार (15 मई) की देर रात हत्यारे ने गोली मारकर हत्या कर दी।
यह घटना सादात थाना क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव में घटी। घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह हुई, जब उनका बिस्तर रक्तरंजित मिला। गोली उनके सिर में पीछे से मारी गयी थी। हत्या की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फ़ैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गयी।
मृतक की पत्नी प्रतिमा राय ने पड़ोसी पीयूष राय पर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी ने एक सप्ताह पूर्व मेरे पति से झगड़ा किया था और बार बार गोली मारने की धमकी दिया था। वह नशे की हालत में हमेशा अपशब्द कहा करता था। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी प्राइवेट तौर पर पशुओं की दवा देता है। कुछ वर्ष पहले उसने अपने पिता रामचन्द्र राय को भी मारा पीटा था, जिसके कारण उनकी मौत हो गई थी।
हत्या की सूचना पर सादात थाना पुलिस, सीओ सैदपुर तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार के साथ ही जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम भी पहुंच जांच में जूट गयी। जिले से पहुंची फोरेन्सिक टीम साक्ष्य एकत्रित कर अपने साथ ले गई।
बताया गया कि मृतक के तीन पुत्र चंदन, चंचल और आशु हैं, जो मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। घर पर मृतक के साथ उनकी पत्नी ही मौजूद रहीं।
फोरेंसिक टीम के अनुसार मृतक मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। मृतक को पीछे से सिर में गोली मारी गई, जिससे मच्छरदानी का भी थोड़ा हिस्सा जल गया। घटनास्थल पर पहुंचे सीओ अनिल कुमार और एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र प्रसाद ने घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। थानाध्यक्ष सादात बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक के पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Views: 327









