ओमप्रकाश राय बने भाजपा जिलाध्यक्ष
गाजीपुर। काफी गहमागहमी के बीच रविवार को भाजपा के नए जिलाध्यक्ष के रूप में ओमप्रकाश राय की नियुक्ति की गयी है। बताते चलें कि जिलाध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील सिंह सहित कुल एक दर्जन लोगों ने नामांकन किया था। पार्टी और संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों के मद्देनजर भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखते हुए, संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे ओमप्रकाश राय को शीर्ष नेतृत्व ने यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की है।

गाजीपुर प्रभारी राकेश त्रिवेदी द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता ओमप्रकाश राय के नाम की आधिकारिक घोषणा करते ही उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। जिले के रेवतीपुर निवासी शिक्षक ओमप्रकाश राय भारतीय जनता पार्टी के संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निष्ठा,लगन और ईमानदारी के साथ निर्वहन कर चुके हैं। पार्टी के विभिन्न अभियानों और चुनावी रणनीतियों में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद भाजपा नेताओं, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इससे संगठन को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में कामयाबी मिलेगी और संगठन जिले में और मजबूती के साथ परचम लहरायेगा। निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह सहित उपस्थित भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शीर्ष नेतृत्व को बधाई देते हुए आशा व्यक्त किया कि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में भाजपा जिले में अपना मुकाम हासिल करेगी।
Views: 284