थाना दिवस पर डीएम, एसपी ने सुनीं शिकायत, तीन मामलों का किया निस्तारण
गाजीपुर। शासन के निर्देशन में माह के चतुर्थ शनिवार को थाना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की अध्यक्षता में थाना जंगीपुर में उपस्थित फरियादियों की फरियाद सुनी गयी। शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को जल्द से जल्द निस्तारण के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया। थाना दिवस पर जंगीपुर में कुल 10 फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतों को लिखित रूप में प्रस्तुत किया जिसमें से मौके पर तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। शेष मामलों के निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले भू माफियाओं के विरूद्ध एन्टी भू माफिया एक्ट के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत करते हुए कड़ी कार्यवाही करें। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिस गांव की शिकायत आती है, वहां मौके पर गांव के संबंधित लेखपाल एवं पुलिस विभाग की टीम के साथ मिलकर निस्तारण करेंगे। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर सालिक राम, थाना प्रभारी, लेखपाल एंव अन्य पुलिस विभाग से सम्बन्धित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Views: 6








