घटना के तथ्य छुपाने में नपे थानाध्यक्ष, एक आरोपी को पुलिस ने पहुंचाया सलाखों के पीछे 

गाज़ीपुर । सादात थाना क्षेत्र के आतमपुर छपरा गांव में गत रविवार को हुई मारपीट के मामले में फायरिंग होने और उच्चाधिकारियों से तथ्य छिपाने के आरोप में बुधवार की रात पुलिस अधीक्षक डा ईरज राजा ने थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय को निलम्बित कर दिया। उन्होंने सादात थाने की कमान कौशलेंद्र प्रताप सिंह को सौंपी।


घायल पूर्व प्रधान कृपाकर यादव के पुत्र आयुष यादव की तहरीर पर पुलिस ने चौथे दिन शोभनाथ यादव, शिवनाथ यादव, सौरभ यादव, निलेश और विक्की यादव के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद उप निरीक्षक अविनाश मणि तिवारी ने हमराहियों संग दबिश देकर एक नामजद आरोपी सौरभ उर्फ पियूष यादव पुत्र शोभनाथ यादव निवासी आतमपुर छपरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।

बताते चलें कि रविवार को आतमपुर छपरा में दो पक्षों में मारपीट की घटना में शिकारपुर के पूर्व प्रधान कृपाकर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थ। उनकी चिकित्सा वाराणसी ट्रामा सेंटर में जारी है। मेडिकल रिपोर्ट में पूर्व प्रधान को गोली लगने की पुष्टि हुई थी। नवागत थानाध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शीघ्र ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जायेगी।

Views: 7

Advertisements

Leave a Reply