घूसखोर लेखपाल पांच हजार के घूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार
गाजीपुर। एण्टी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुहम्मदाबाद तहसील में तैनात रिकार्ड कीपर (लेखपाल) सुरेंद्र यादव को तहसील परिसर से गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
एण्टी करप्शन टीम ने यह कार्रवाई करीमुद्दीनपुर निवासी शिवकुमार सिन्हा पुत्र रविंद्र नाथ सिन्हा की शिकायत पर की। बताया गया कि वे चित्रगुप्त मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं, चित्रगुप्त मंदिर के पास की जमीन में से 108 एअर जमीन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे में चली गई थी, जिसकी कीमत 27 लाख रुपए के लगभग बताई गई थी। उसके अधिग्रहण के बाद मुआवजे की फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में रिकॉर्ड कीपर लेखपाल सुरेंद्र सिंह यादव ने पांच हजार के घूस की मांग की थी। इससे क्षुब्ध होकर शिवकुमार सिंह ने एंटी करप्शन टीम वाराणसी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी।एंटी करप्शन टीम ने इसके लिए योजना बनाई और बुधवार को सहबिर सिंह के नेतृत्व में तहसील मुहम्मदाबाद में आरोपी लेखपाल सुरेंद्र सिंह यादव को पाच हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी की तलाशी में उन्नीस हजार रुपए नगद बरामद कर लिया। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी सहबिर सिंह ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुहम्मदाबाद कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया। एंटी करप्शन टीम में प्रमुख रूप से मैनेजर सिंह, प्रमोद कुमार, नीरज सिंह, शैलेंद्र कुमार राय, विनोद कुमार, अजय यादव, आशीष शुक्ला, मिथिलेश यादव, सूरज गुप्ता, चालक अश्वनी कुमार, चालक विनय कुमार आदि शामिल रहे।
Views: 6









