नवनिर्वाचित सांसद अफजाल अंसारी को लोकसभा में नहीं दिलाई गई शपथ
गाजीपुर। न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए लोकसभा सीट गाज़ीपुर से नवनिर्वाचित सांसद अफजाल अंसारी को संसद में मंगलवार को शपथ नहीं दिलाई गई।
संसद में उत्तर प्रदेश के सांसदों के शपथ ग्रहण के दौरान अफजाल अंसारी वहां पहुंचे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के समीप बैठे। उस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव से वार्ता की और उत्तर प्रदेश के आखिरी सांसद छोटेलाल के शपथ लेने से पहले ही वह चले गए।
जानकारी के अनुसार लोकसभा सचिवालय ने आज एक आदेश पारित किया था कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अफजाल अंसारी की अपील के सन्दर्भ में जो दिo14 दिसम्बर 2023 को आदेश पारित करके गाज़ीपुर स्पेशल न्यायालय द्वारा ट्रायल 980/2012 में अपीलर्थी अफजाल अंसारी को दी गई दोषसिद्धि के आदेश को निलंबित कर दिया था तब उसी आदेश में उन्हे सदन की कारवाई में भी भाग लेने से रोका गया था। ऐसी स्थिति में सदन में आयोजित निर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह भी लोकसभा की कार्यवाही का हिस्सा है, इसलिए अफजाल अंसारी को इस में शपथ नहीं दिलाई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि सर्वोच्च न्यायालय ने गत वर्ष 14 दिसंबर को अफजाल अंसारी को गैंगस्टर मामले में मिली सजा पर रोक लगाने के साथ ही कई शर्तें भी रखीं थीं। शीर्ष अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि जब तक इलाहाबाद हाईकोर्ट से अफजाल अंसारी की अपील पर फैसला नहीं आ जाता तब तक वह न तो संसद की कार्यवाही में हिस्सा ले सकते हैं और न ही सदन में किसी मुद्दे पर वोटिंग कर सकते हैं।
अफजल अंसारी ने इस पर कानूनी कार्रवाई करने का फैसला लिया है। अफजाल अंसारी की शपथ लोकसभा में अब कब और कैसे होगी इसका निर्णय न्यायालय के आदेश पर संभव है।
Views: 5









