करें योग,रहें निरोग…….ससमारोह मना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 

गाजीपुर। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनपद के विभिन्न स्थानों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ रहने की सीख दी गयी। योग शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक स्वास्थ्य की कुंजी है। भारतीय मनीषियों ने जिस योग को आत्मसात किया था उसे आज दुनिया के 177 राष्ट्र अपना रहे हैं और हमारे साथ कपालभाति और अनुलोम विलोम कर रहे हैं।


     उक्त विचार स्वामी सहजानन्द पीजी कालेज के वरिष्ठ प्राध्यापक तथा अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. अजय राय ने महाविद्यालय में 10 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर व्यक्त किया। दिनांक 15 से 21 जून तक सप्ताह व्यापी योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शुक्रवार को प्रातः 5.30 से 7.30 तक महाविद्यालय के प्रेक्षालय में पतंजलि योगपीठ तथा महाविद्यालय के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ‌। इसमें विशिष्ट यौगिक अभिक्रियाएं विषय पर सेमिनार तथा प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आरंभ गायत्री महामंत्र तथा प्रार्थना मंत्र से हुआ. प्रख्यात योग प्रशिक्षिक तथा पतंजलि योग समिति के जिलाप्रभारी जय प्रकाश योगी ने उपस्थित जन समुदाय को योग के विविध अधिगमों के विषय मे बताते हुए मुख्य आसनों एवं प्राणायाम के प्रायोगिक स्वरूप पर विशेष व्याख्यान दिया।

इस अवसर पर पतंजलि योग समिति के सक्रिय पदाधिकारियों-सदस्यों के साथ सहभागिता करते हुए प्रभारी श्री राधेश्याम ओझा  ने कहा कि योग को दुनिया भर में जिस तत्परता से अपनाया गया है वह अपने आप मे योग के वृहत्तर और व्यापक माहात्म्य के प्रति बढ़ते अनुराग का प्रतीक है।

 कार्यक्रम में श्री नीरज राय, डॉ. धनंजय सिंह, श्री समर प्रताप सिंह, श्री बृजमोहन सिंह, विकास ओझा, कृष्णानंद उपाध्याय तथा  प्रो. अवधेश नारायन राय, प्रो. अजय राय, रामधारी राम, डॉ. विलोक सिंह, डॉ. कृष्णानंद चतुर्वेदी, डॉ. कंचन सिंह, समीर राय, ओमप्रकाश राय, अरविंद यादव, संजय राय, शशांक राय, प्रवीण राय, शरद राय, अमित राय, धर्मेंद्र कुशवाहा आदि शिक्षक-कर्मचारी  उपस्थित रहे।

           .भारत विकास परिषद गाज़ीपुर व महिला पतंजलि योग समिति गाजीपुर की ओर से रामलीला मैदान स्थित सभागार में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद की संरक्षक डॉ आर पी शर्मा व परिषद के दायित्व धारियों के साथ  स्वामी विवेकानंद व भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन तथा दीप प्रज्ज्वलन कर

शुरुआत की। प्रातः 6:00 बजे योग शिविर प्रारंभ होकर 7:30 बजे समाप्त हुआ।डॉ आर पी शर्मा ने कहा की योग मूल रूप से एक आध्यात्मिक अनुशासन है ।यह एक अत्यंत सूक्ष्म विज्ञान पर आधारित है, जो मन और शरीर के बीच सामंजस्य लाने पर ध्यान केंद्रित करता है ।यह स्वस्थ जीवन जीने का विज्ञान भी और कला भी है।

    इसी प्रकार भारतीय जनता पार्टी ने मंडल स्तर पर कुशल प्रशिक्षकों के नेतृत्व में योग शिविर आयोजित कर योगाभ्यास कराया।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने नगर मंडल में जायसवाल धर्मशाला, लाल दरवाजा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ योगाभ्यास किया और कहा कि योग मानव जीवन के सफल और सुखद जीवन की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण कुंजी है। उन्होंने कहा कि आज के व्यस्ततम जीवन शैली समय मे स्वयं के स्वास्थ्य तथा मानसिक मजबूती मे योग की बड़ी भूमिका है। हम नित्य प्रति योग को अपनाएं तो स्वस्थ और प्रसन्न चित्त रह सकते हैं।

Views: 23


Leave a Reply