सुपुर्द-ए-खाक हुआ मुख्तार अंसारी

बाहरी व्यक्तियों के मिट्टी देने से रोकने पर अफजाल अंसारी जिलाधिकारी से भिड़े

दिखा आचार संहिता का खुला उलंघन, धारा 144तोड़ लगाये गये नारे

गाज़ीपुर। माफिया सरगना एवं पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी का शव शनिवार को उनके परिजनों की मौजूदगी में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। मुख्तार के जनाजे में लोगों की भारी भीड़ रही। जनाजे में एकत्रित लोगों द्वारा मना करने के बावजूद नारेबाजी की जाती रही। वहीं कुछ लोग मीडिया के लोगों से भी उलझते देखे गये।                                                         कालीबाग का पुश्तैनी कब्रिस्‍तान जहां मुख्तार अंसारी को दफन किया गया। वहां प्रशासन द्वारा सिर्फ परिजनों को ही मिट्टी देने की इजाजत दी गई थी। बाहरी लोगों के वहां पहुंचने पर पूरी पाबन्दी रही। कब्रिस्तान के बाहर लोगों का काफी जमाबड़ा रहा, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री के जवान भी मुस्तैद रहे। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी द्वारा परिजनों के अतिरिक्त बाहरी व्यक्तियों को मिट्टी देने से मना करने पर निवर्तमान सांसद अफजाल अंसारी जिलाधिकारी से उलझ गये। जिलाधिकारी ने शान्ति व्यवस्था तथा धारा 144 लागू होने के कारण सिर्फ परिजनों को ही मिट्टी देने की अनुमति दी‌ जिलाधिकारी ने कहा कि अधिक लोगों के आने के लिए परमिशन नहीं ली गयी है। इस पर अफजाल अंसारी आग बबूला हो गये और कहा कि यह आपकी कृपा नहीं है कि आप बताएंगी कि कितने लोग मिट्टी देंगे। मिट्टी देने के लिए, धार्मिक प्रयोजन के लिए कोई परमिशन की आवश्यकता नहीं है। जहां कभी का कोई भी मिट्टी देना चाहे तो वह मिट्टी देगा। मिट्टी और जनाजे के लिए दुनिया में कोई परमिशन नहीं लेता। इसे कोई नहीं रोक सकता। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की विडियोग्राफी हो रही है और अनाधिकृत लोगों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही होगी। इसके बावजूद अफजाल अंसारी अपनी बात पर अड़े रहे। जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि आदर्श आचार संहिता तथा धारा 144का उलंघन कर नारेबाजी तथा हुड़दंग करने वाले चिन्हित होंगे और उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जायेगा।

Views: 89

Leave a Reply