बैजनाथ धाम के लिए निकला कांवरियों का जत्था

गाजीपुर। सावन का महीना देवाधिदेव भगवान महादेव का प्रिय महीना है। इसमें शिव भक्तों द्वारा महादेव का जलाभिषेक प्रसिद्ध शिवालयों में किया जाता है। जिले के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं द्वारा प्रतिदिन जलाभिषेक किया जाता है तो इसी क्रम में सोमवार के दिन दिनभर श्रद्धालुओं का ताता जलाभिषेक के लिए लगा रहता है। जनपद के मरदह क्षेत्र के महाहर धाम, हथियाराम के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, धुवार्जून के चौमुख नाथ धाम,सहित सभी शिवालयों में सोमवार के दिन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक किया जाता है।

        जनपद के उत्साही शिवभक्तों का जत्था देवाधिदेव महादेव को जलाभिषेक करने के लिए कांवर लेकर देवघर स्थित बाबा बैजनाथ धाम को जाते हैं। इसी क्रम में सावन में भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिये सादात नगर क्षेत्र के कांवरियों का जत्था बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। बम बम भोले, ओम नम: शिवाय लिखे गेरुआ वस्त्रों को धारण कर तमाम युवा बैंड बाजा के साथ नाचते गाते और झूमते हुए सादात रेलवे स्टेशन पर एकत्र हुए, जहां से ट्रेन पकड़कर गंतव्य को रवाना हुए। इससे पहले सभी देवालयों में दर्शन पूजन भी किये। कांवरियों का नगर पंचायत अध्यक्ष सुमन यादव के प्रतिनिधि धर्मेन्द्र यादव सोनू ने कांवरियों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कांवरियों को फल व डिब्बा बंद मीठा देकर मंगलमय यात्रा की कामना संग उन्हें विदा किया । चेयरमैन प्रतिनिधि धर्मेन्द्र यादव के साथ प्रशांत राजभर, ऋषि कुशवाहा, अंकित, रामप्रवेश, इसरार, ताहिर, गोलू, भानू कुशवाहा आदि रहे। उधर पूरे सावन माह भर भगवान शिव की विधिवत पूजा अर्चना का क्रम जारी है। मान्यता है कि सावन माह में भगवान शिव का जलाभिषेक करने से सभी मनोकामना पूरी होती है।

Views: 73

Leave a Reply