पुलिस अभिरक्षा से फरार इनामियां अपराधी को पुलिस ने दबोचा
गाजीपुर। मरदह थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी और पुलिस अभिरक्षा से जिला अस्पताल से फरार पचास हजार रुपये के ईनामियां अभियुक्त सुधीर उर्फ ध्रुव पासी को सदर कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है।
फरार इनामियां अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अपराधी सुधीर उर्फ ध्रुव पासी पुत्र विजय पासी निवासी ग्राम नोनरा, थाना मरदह, जनपद गाजीपुर को चौकिया मोड़ ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया तो अपने को घिरता देख वह मोटरसाइकिल घुमाकर भागने का प्रयास किया। मोटरसाइकिल को मोड़कर तेज गति से ले जाने के दौरान वह सड़क किनारे रखे डिवाइडर पत्थर से टकरा कर गिर गया। पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया । अभियुक्त के दाहिने पैर में चोट लगने के कारण खून का रिसाव हो रहा था, जिसके दृष्टिगत मानवीय आधार पर प्राथमिक उपचार हेतु उसे जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल केटीएम वाहन संख्या यूपी-70 एफ एस-7323 को भी कब्जे में ले लिया।
उल्लेखनीय है कि ध्रुव पासी को गहमर थाना क्षेत्र में गत एक अगस्त को हुई पुलिस मुठभेड़ में दोनों पैरों में पुलिस की गोली लगी थी। उसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर पुलिस ने उसकी चिकित्सा करा कर वैधानिक कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया था। पैर में गोली लगी होने के कारण उसे सर्जरी व चिकित्सा हेतु न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार से उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में पुलिस अभिरक्षा में लाया गया था। वहां से वह दिनांक 29 अगस्त 2026 को सुबह शौचालय से पुलिस कर्मियों को चकमा देकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। उस पर पैंतीस अपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की गयी।
शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली मय टीम जनपद गाजीपुर , निरीक्षक देवेन्द्र कुमार मिश्रा, थाना कोतवाली, गाजीपुर व उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार यादव, थाना कोतवाली, गाजीपुर शामिल रहे।
Views: 15








