बारिश के बीच गिरा कच्चा मकान, युवक घायल

ग्रामीणों की मशक्कत से निकले मलबे में दबे मां-बेटे


गाजीपुर। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से शनिवार तड़के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के बबुरा गांव में एक कच्चा मकान अचानक धराशायी हो गया। इस हादसे में मलबे में दबने से नारायन राम का पुत्र अंगद (29 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी मां उमा देवी को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

       बताया गया कि रात में खाना खाने के बाद अंगद और उमा देवी कच्चे मकान में सो रहे थे। शनिवार तड़के करीब तीन बजे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से अचानक मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई। इसके मलबे में मां-बेटा दब गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला।

      हादसे में अंगद के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह बेहोश था। परिजन उसे तत्काल परमानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चक्रपानपुर, आजमगढ़ के लिए रेफर कर दिया। उमा देवी को मामूली चोटें आई हैं।

      घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय स्तर पर भी राहत और क्षति का आकलन शुरू किया गया। थानाध्यक्ष बासुदेव प्रसाद ने बताया कि लेखपाल को सूचना दे दी गई है। राजस्व विभाग की ओर से मौके पर पहुंचकर मकान और अन्य क्षति का आकलन किए जाने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Views: 8


Leave a Reply