जिला जज, डीएम व एसपी ने किशोर गृह का किया औचक निरीक्षण
गाजीपुर। किशोरों की सुरक्षा, उनके मानवाधिकारों के संरक्षण और राजकीय संप्रेषण गृह की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से जिला जज, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को राजकीय संप्रेषण गृह (किशोर गृह) का संयुक्त औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ किशोरों के रहन-सहन, भोजन, स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई की स्थिति को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संयुक्त टीम ने संप्रेषण गृह के मुख्य द्वार, सुरक्षा व्यवस्था, चहारदीवारी तथा परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी का निरीक्षण किया। सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और सजगता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने किशोरों के आवासीय कक्षों, भोजनालय (मेस) और चिकित्सा कक्ष का भी निरीक्षण किया। मेस प्रभारी को निर्देशित किया गया कि निर्धारित मीनू के अनुसार किशोरों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही परिसर और आवासीय कक्षों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्थान की आंतरिक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा किशोरों की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं के संबंध में संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Views: 13









