डीएम जनता दर्शन में छोटे लाल ने लगाई न्याय की गुहार
भूमि विवाद में कथित निर्माण की शिकायत, पैमाइश कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराने की मांग
गाजीपुर। अपनी ही जमीन से जुड़े विवाद का समाधान स्थानीय स्तर पर नहीं हो पाने पर परेशानी झेल रहे भुक्तभोगी ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है।
न्याय की उम्मीद लेकर प्रशासन की चौखट तक पहुंचे सदर तहसील क्षेत्र के भटौली ग्राम पंचायत निवासी छोटेराम पुत्र रघुनाथ न अपनी भूमि से जुड़े विवाद को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के जनता दर्शन में पहुंचकर आपबीती सुनाई। उन्होंने अपने आवेदन में अपनी जमीन पर कथित रूप से विपक्षियों द्वारा कराए जा रहे निर्माण की शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई।
छोटेराम का कहना है कि सड़क से सटी उनके परिवार के नाम दर्ज आराजी संख्या 94 की भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि श्यामबिहारी पुत्र भीम और रमेश पुत्र प्रभु द्वारा उक्त भूमि पर निर्माण कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसी भूमि को लेकर उपजिलाधिकारी सदर की अदालत में धारा 134 के तहत मुकदमा विचाराधीन है और मामले की अगली सुनवाई पांच नवंबर को निर्धारित है। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने से उन्हें अपनी भूमि पर अधिकार प्रभावित होने की आशंका है।
उन्होंने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी बात रखते हुए भूमि की पक्की पैमाइश कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराने तथा अवैध निर्माण को रोकने की मांग की। छोटेराम ने प्रशासन से कहा कि यदि जांच में उनका दावा सही नहीं पाया जाता है तो वास्तविक हकदार को भूमि का अधिकार दिलाया जाए, लेकिन यदि भूमि पर उनका दावा सही है तो उन्हें उनकी जमीन पर न्यायपूर्ण अधिकार दिलाया जाए।
जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता की बात सुनी और मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Views: 21









