पेंशनरों को मिलेगी कोषागार और बैंक के चक्कर से मुक्ति

स्मार्टफोन से फेस रिकग्निशन के जरिए जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण-पत्र


गाजीपुर। जिले के पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए अब कोषागार कार्यालय या बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग, भारत सरकार की ओर से एक से 30 नवंबर तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पेंशनर घर बैठे स्मार्टफोन के माध्यम से फेस रिकग्निशन की सुविधा का उपयोग कर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकेंगे।

      वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह ने बताया कि इसके लिए पेंशनरों को अपने स्मार्टफोन में आधार फेस आरडी और जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड करना होगा। दोनों ऐप पर आवश्यक पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के बाद आधार नंबर दर्ज कर आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी भरना होगा। इसके बाद ई-मेल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज कर फेस रिकग्निशन के माध्यम से पहचान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

उन्होंने बताया कि इसके बाद जीवन प्रमाण ऐप खोलकर आधार नंबर और मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करना होगा। पेंशनर को अपना नाम और पेंशन का प्रकार भरने के बाद निर्गतकर्ता के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य सरकार तथा निर्गमनकर्ता के रूप में उत्तर प्रदेश कोषागार का चयन करना होगा।

इसके बाद कोषागार गाजीपुर का चयन कर पेंशन भुगतानादेश संख्या (पीपीओ नंबर), बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड दर्ज करना होगा। अंत में फेस रिकग्निशन के माध्यम से पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा किया जा सकेगा।

       वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनर चाहें तो अपनी बैंक शाखा, डाकघर अथवा जनसेवा केंद्र के माध्यम से भी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन प्रेषित कर सकते हैं। अभियान का उद्देश्य पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाना है।

Views: 10


Leave a Reply