विकास कार्यों की अनदेखी पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बीडीओ ने दिया जांच और कार्यवाही का आश्वासन
गाजीपुर। ग्रामीण विकास के नाम पर गांव में कोई काम न होने और शासन से उपलब्ध धनराशि के बन्दर बांट से क्षुब्ध ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन को आइना दिखाया। यह प्रदर्शन विकास खण्ड सादात के हुरमुजपुर गांव के लोगों ने रविवार को करते हुए गांव के विकास कार्यों में भारी गड़बड़ी, भ्रष्टाचार और सरकारी धन के अपव्यय का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ग्रामीण विकास के लिए ग्राम पंचायतों को 29 कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन हुरमुजपुर के ग्राम पंचायत अधिकारी आकाश कुमार और ग्राम प्रधान मंशा गौड़ की मिली भगत से विकास कार्य सिर्फ फाइलों मे दिखाई देते हैं जबकि हकीकत इससे कोसों दूर है। खड़ंजा, नाली निर्माण, स्वच्छता अभियान, स्ट्रीट लाइट, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित ग्रामीणों ने पूरे घोटाले की उच्चस्तरीय जांच कराने व दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।
कहा गया कि गांव में स्थित प्रसिद्ध ‘सांड़वीर पोखरा’ के सुंदरीकरण के नाम पर सिर्फ कागजों पर काम हुआ है जबकि मौके पर कोई काम कभी नहीं दिखाई दिया। गांव की मूल निवासी एवं बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश सिंह की पत्नी रेखा सिंह के नेतृत्व में महिलाओं में पहुंची महिलाओं ने कहा कि पोखरा का जीर्णोद्धार कराते हुए घाट निर्माण और सुंदरीकरण कराया जाना जरूरी है ताकि महिलाओं को छठ महापर्व और अन्य धार्मिक त्योहारों पर वहां कोई असुविधा न हो।
प्रदर्शनकारियों की मांग को गम्भीरता पूर्वक सुनते हुए खंड विकास अधिकारी डॉ. सरजीत सिंह ने पोखरे के सुंदरीकरण के नाम पर धन आहरण समेत अन्य अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। प्रदर्शन में विभा सिंह, पूनम सिंह, मीरा, चंदा, खुशी, दीपिका, लीलावती देवी, बिंदु, सुमन, हेमलता, कंचन, शीला, कृष्णा, पूनम, उर्मिला, गीता बनवासी, धनेसरा चौहान, सुगनी, श्यामा चौहान सहित समाजसेवी सूर्यभान सिंह, अनिल सिंह, संतोष सिंह, हरिओम सिंह, सुरेन्द्र, हृदयेश सिंह, शिवराज, निखिल, सत्या, प्रमोद सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Views: 5









