राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 01 लाख 24 हजार 587 मामले निस्तारित
गाजीपुर। जनपद न्यायालय स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। लंबित वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण करने और आम जनमानस को उनके कानूनी अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी व जिला जज धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की उपस्थिति में किया गया।
अपने सम्बोधन में न्यायामूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी द्वारा लोक अदालत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यह न्याय का ऐसा पर्व है जहां आपसी समझौते के आधार पर मामले का निस्तारण किया जाता है। इसके लिए सम्पूर्ण न्यायपालिका कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक न्याय व्यवस्था का लाभ पहुँचाने हेतु प्रतिबद्ध है
जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा यह कहा गया कि लोक अदालत से जहाँ एक ओर समय की बचत होती है, वहीं विवाद हमेशा के लिए समाप्त हो जाता है। इस अवसर पर नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत शक्ति सिंह, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा द्वारा लोक अदालत की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर वृद्धा, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन हेतु शिविर भी लगाया गया। वहीं मेडिकल कैम्प का भी आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डाक्टर मौजूद रहे। वहीं सैन्य कर्मियों हेतु विशेष पाण्डाल लगाया गया था। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर बिजली बिल, गृहकर एवं जल कर सहित अन्य सामाजिक योजनाओं से सम्बंधित पाण्डाल भी लगाये गये थे। मुख्य अतिथि द्वारा कुछ दिव्यांगजनों को व्हील चेयर/बैसाखी आदि का वितरण किया गया।
सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर नीरज गोंड द्वारा बताया गया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 01 लाख 24 हजार 587 मामले निस्तारित किये गये। बैंक द्वारा कुल 04 करोड़ 38 लाख 55 हजार 223 रुपये के एन.पी.ए. मामले निस्तारित किये गये। परिवार न्यायालय द्वारा कुल छह विवाहित जोड़ों की सुलह कराकर विदाई करायी गयी।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय शैलोज चन्द्रा, पी.ओ. एम.ए.सी.टी. संजय हरिशुक्का, अपर जिला जज अली रजा, अभिमन्यू सिंह, रामअवतार प्रसाद, संजय कुमार लाल, विजय कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती नूतन द्विवेदी सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण, सिविल बार के सचिव अंजनी ठाकुर, वाहय न्यायालय सैदपुर, मुहम्मदाबाद, ग्राम न्यायालय जखनियों, जमानियों, बार के पदाधिकारीगण, न्यायालय के कर्मचारीगण एवं वादकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड़ द्वारा किया गया।
Views: 11









