प्राथमिक विद्यालयों में अनियमितता पर बीएसए ने अध्यापकों का रोका वेतन 

गाजीपुर। बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित कई प्राथमिक विद्यालयों में अनियमितता पर बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा कड़ी कार्रवाई से विभागीय कर्मचारियों से हड़कंप मच गया है। 


        उल्लेखनीय है कि बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने गत 22 अप्रैल को सादात शिक्षा क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई अनियमितताएं मिलीं, जिसके कारण प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर बड़ागांव और प्राथमिक विद्यालय चक सदर के प्रधानाध्यापकों का अग्रिम आदेश तक के लिए वेतन रोकने की कार्रवाई की गयी है। वहीं आदर्श लघु माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर बड़ागांव के प्रधानाध्यापक हरी चरन यादव का वेतन कई गंभीर अनियमितताओं के चलते रोका गया है। उसमें मिड डे मील में फल और दूध का वितरण न करना, स्कूल प्रबंधन समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित न करना, प्रबंध समिति की अनुमति के बिना धनराशि निकालना और विद्यालय का शौचालय ध्वस्त पाया जाना प्रमुख रहा। 

       इसी प्रकार, प्राथमिक विद्यालय चक सदर के प्रधानाध्यापक संजय यादव का वेतन भी अनियमितताओं के कारण रोका गया। उनके विद्यालय में एमडीएम में गड़बड़ी, लकड़ी के चूल्हे पर एमडीएम बनाना, स्कूल परिसर में साफ-सफाई का न होना, बच्चों का निम्न शैक्षणिक स्तर और शिक्षक डायरी का उपलब्ध न होना जैसी कमियां पाई गईं। आदर्श लघु माध्यमिक विद्यालय चकफ़रीद के प्रधानाध्यापक को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान उनके विद्यालय में एमडीएम में अनियमितताएँ, परिसर में गड्ढे होना और बच्चों के शैक्षणिक स्तर में कमी पाई गई थी।

    बीएसए की इस कार्रवाई से परिषदीय विद्यालयों में खलबली मची हुई है और अध्यापक अपने अपने स्कूल की व्यवस्था सुधारने में जुट गये हैं।

Views: 11

Advertisements

Leave a Reply