रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह संपन्न
‘एडीजी वाराणसी ने ली परेड की सलामी
गाजीपुर। रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउण्ड में ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर कुल 24 टोली के 690 रिक्रूट आरक्षियों ने अपने नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के उपरांत शानदार परेड का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीयूष मोर्डिया अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन ,वाराणसी एवं विशेष अतिथि अनुपम शुक्ला जिलाधिकारी गाजीपुर रहे। पुलिस अधीक्षक डा ईरज राजा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा परेड की सुसज्जित टोलियों का निरीक्षण किया और उनके द्वारा दी गई सलामी स्वीकार किया गया।
समारोह के दौरान माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। रिक्रूट आरक्षियों ने मुख्यमंत्री जी के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त होने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर द्वारा रिक्रूट आरक्षियों के कठिन प्रशिक्षण का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में नवनियुक्त आरक्षियों को अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का पाठ पढ़ाया। इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूटों को मुख्य अतिथि एवं जिलाधिकारी गाजीपुर द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले आरक्षियों में चन्द्र प्रकाश मणि त्रिपाठी, सम्पूर्ण परीक्षा में प्रथम स्थान, परेड कमाण्डर प्रथम का0 चन्द्र प्रकाश मणि त्रिपाठी, परेड कमाण्डर द्वितीय अनूप चौहान, परेड कमाण्डर तृतीय संदीप दूबे, प्रशांत सिंह इनडोर सम्पूर्ण परीक्षा में प्रथम तथा अविनाश कुमार आउटडोर सम्पूर्ण परीक्षा में प्रथम प्रमुख रहे।
समारोह के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक गाजीपुर द्वारा सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के कुशल प्रबंधन में क्षेत्राधिकारी लाइन्स शुभम वर्मा की विशेष भूमिका रही। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों सहित रिक्रूट आरक्षियों के परिवारीजन व भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Views: 7









