जोन पुलिस की 26वीं अन्तर्जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता उद्घाटित 

वाराणसी जोन के दस जिलों की पुलिस टीमें कर रही प्रतिभाग


पहले दिन के मैच में बलिया, जौनपुर व चन्दौली ने दी करारी शिकस्त

गाजीपुर। वाराणसी जोन की 26वीं अन्तर्जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ गाजीपुर पुलिस लाइन्स के नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम में हुआ।

    प्रतियोगिता का शुभारम्भ पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र, वाराणसी वैभव कृष्णा द्वारा फीता काट कर किया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा परिवार गाजीपुर के आयोजकत्व में इस छह दिवसीय प्रतियोगिता में वाराणसी जोन की सभी दस जनपदों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें जनपद आजमगढ़, जौनपुर, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, भदोही, चन्दौली व गाजीपुर की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।उक्त अवसर पर जिलाधिकारी गाजीपुर अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा व प्रयोजक  बैंक ऑफ बड़ौदा के चीफ मैनेजर रूपेश कुमार सिंह व समस्त टीम सदस्य व अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे। 

      बताते चलें कि जनपद गाजीपुर पुलिस लाइन्स का नवनिर्मित क्रिकेट ग्राउण्ड वाराणसी जोन का पहला फ्लडलाइट्स से सुसज्जित क्रिकेट ग्राउण्ड है जिसमें डे-नाइट मैच खेला जा रहा है। सोमवार को वाराणसी बनाम बलिया के मैच में वाराणसी ने टॉस जीत कर बॉलिंग करने का निर्णय लिया। जिसके जवाब में बलिया पुलिस की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 08 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाया। जिसमें आकाश ने सर्वाधिक 38 रन बलिया की तरफ से बनाया। बनारस की टीम से बॉलिंग करते हुए हैरी पटेल ने सर्वाधिक 03 विकेट लिए। जिसके जवाब में बनारस की टीम बैटिंग करते हुए 14.4 ओवर में 81 रन बना कर ऑल आउट हो गई।  बनारस टीम की तरफ से अवनीश पांडेय ने सर्वाधिक 16 रन बनाया। इस मैच में बलिया की टीम ने बनारस की टीम को 78 रनों से हराया। बलिया की तरफ से पवन कुमार और उधम सिंह ने 02-02 विकेट लिए।

        इसी प्रकार जौनपुर बनाम भदोही के मैच में जौनपुर टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए जौनपुर ने 20 ओवर में 06 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। जिसमें वेद ने 30 और राजा ने 50 रनों का योगदान दिया। भदोही की तरफ से बॉलिंग करते हुए नुमान ने 03 विकेट लिए। जीत के लिए 166 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भदोही की टीम मात्र 120 रनों पर ऑल आउट हो गई। भदोही की तरफ से बिंद ने सर्वाधिक 30 रन बनाया। जौनपुर की तरफ से बॉलिंग करते हुए राकेश और संजय ने 03-03 विकेट लिए। इस मैच में जौनपुर ने भदोही को 45 रनों की करारी शिकस्त दी।

         इसी क्रम में चंदौली बनाम मिर्जापुर के मैच में चंदौली जिले ने टॉस जीत कर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। इस दौरान मिर्जापुर ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 148 रन बनाए। मिर्जापुर की तरफ से आशीष ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। वहीं चंदौली की तरफ से मुकेश यादव ने 4 विकेट लिए। वहीं दूसरी पारी में चंदौली ने 149 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल 3 विकेट खोकर 150 रन बना कर मिर्जापुर को हरा मैच जीत लिया। चंदौली की तरफ से इन्तजार ने सर्वाधिक 88 रन बनाए व मिर्जापुर की तरफ से सतीश ने 2 विकेट लिये।

Views: 19

Advertisements

Leave a Reply