पूर्व सासंद बृजभूषण शरण सिंह ने सिद्धपीठ हथियाराम में टेका मत्था
सरकार की नीतियों का किया समर्थन
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गोंडा के पूर्व सासंद बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को प्रसिद्ध सिद्धपीठ हथियाराम पहुंच कर वहां की पवित्र भूमि को नमन किया।
सिद्धपीठ के पीठाधिपति महामण्डलेश्वर स्वामी श्री भवानी नन्दन यति जी महाराज के निर्देशन में बृजभूषण शरण सिंह ने मठ की अधिष्ठात्री देवी वृद्धम्बिका माता तथा सिद्धिदात्री मां के चरणों में विधि-विधान से पूजन अर्चन कर आशीर्वाद मांगा।
पूर्व सांसद ने कहा कि इस पवित्र भूमि पर पहुंचकर माता का दर्शन और पीठाधिपति महामंडलेश्वर महाराज श्री का आशिर्वाद प्राप्त कर मैं धन्य हो गया। उन्होंने कहा कि मेरे यहां आने का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है बल्कि मैं सिर्फ माता का दर्शन और महाराज श्री के आशीर्वाद की इच्छा लेकर यहां आया हूं।
राजनीति पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का नाम ही विवाद है ,यह कांग्रेस ही नहीं बल्कि भारत का दुर्भाग्य है। कहा कि विपक्ष का काम सरकार को भटकने पर सही राह दिखाएं परंतु राहुल जी स्वयं ही विवाद में रहते हैं।
भारत पाक तनाव के मुद्दे पर उन्होंने खुलकर वार्ता की। आपरेशन सिंदूर की चर्चा करते हुए कहा कि पहले और आज के भारत में काफी अन्तर है। उन्होंने सेना और प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि युद्ध का अभी पूर्ण बिराम नहीं हुआ है। आतंकी अजहर मसूद कहता था कि मोदी की सांस बंद कर देंगे, आज जिस बंकर में है वहां हमारी मिसाइल जाकर उसकी सांस बंद कर दी, यह है आज का भारत। मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद रक्षा प्रणाली में बहुत काम हुआ है। यह हमारी सैन्य क्षमता और दृढ़संकल्पित शासन का प्रभाव रहा कि भारत की नीति के आगे पाकिस्तान घुटने टेकने को मजबूर हो गया।
इसके साथ ही उन्होंने ऑल इंडिया कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह के साथ सिद्धपीठ में राष्ट्रीय स्तर पर अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के आयोजन का आश्वासन भी दिया और मौसम के अनुकूल होने पर जल्द ही अन्तराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन करवाने की मंशा जाहिर की। इस अवसर पर शक्ति भूषण सिंह, रामतेज पांडेय, रजनीश राय, बृजेंद्र राय, उपजिलाधिकारी जखनियां रविश गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय, भुड़कुड़ा कोतवाल प्रभारी शैलेश मिश्रा , निरीक्षक तारावती यादव सहित काफी संख्या मे लोग उपस्थित रहे।
Views: 183








