महाराजा अहिबरन जयंती व बरनवाल समाज का 45वां स्थापना दिवस सम्पन्न
गाजीपुर। अखिल भारतीय बरनवाल समाज के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर सैदपुर में बरनवाल समाज के प्रवर्तक महाराज अहिबरन की जयंती व समाज का 45वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बरनवाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशिभूषण बरनवाल द्वारा महाराजा अहिबरन व मोहनलाल बरनवाल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बरनवाल समाज के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि बरनवालों के अग्रदूत रहे महाराजा अहिबरन क्षत्रिय थे। वाणिज्य, साहित्य, कला आदि के क्षेत्रों में रुचि होने से उन्होंने इस क्षेत्र में सुधार के अनगिनत काम किये। कहा कि पूर्व में बरन व वर्तमान में बुलंदशहर उनका साम्राज्य था। 997 ईसा पूर्व तक उनकी पीढ़ियों ने शासन किया। इसके बाद बरनवाल पूरे देश के सभी हिस्सों में फैल गए। कहा कि महाराजा अहिबरन की याद में 25 से 31 दिसम्बर तक देश भर के सभी राज्यों में उनकी जयंती धूमधाम से मनाई जाती है। कहा कि महाराजा अहिबरन ने देश को एकता के सूत्र में पिरोकर एक राह दिखाने का काम किया। बरनवाल समाज से संगठित होने की अपील करते हुए कहा कि जब तक बरनवाल समाज की भागीदारी सत्ता में नहीं होगी, तब तक बरनवाल समाज मजबूत नहीं हो सकता।
कार्यक्रम में बरनवाल समाज के बच्चों ने नृत्य, संगीत, नाटक, प्रहसन सहित दर्जनों सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समां बांध दिया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रतिभागी बच्चों को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद बरनवाल समाज की महिला शाखा का गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से श्वेता बरनवाल को अध्यक्ष व अंशु बरनवाल को महामंत्री चुना गया। इसके साथ ही बरनवाल समाज का वार्षिक चुनाव कराया गया। जिसमें राजेश तिरुपति को अध्यक्ष, त्रिपुरारी बरनवाल को उपाध्यक्ष, आकाश बरनवाल को महामंत्री व मनीष बरनवाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। चुने जाने के बाद सभी पदाधिकारियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बरनवाल समाज के पतरहीं के अध्यक्ष अभिषेक बरनवाल व उनकी कार्यकारिणी, सादात के अध्यक्ष अंकित बरनवाल व उनकी कार्यकारिणी, मोहनलाल ट्रस्ट के सर्वराकार दिनेश बरनवाल, ट्रस्टी बैकुंठ बरनवाल, नागेश्वर बरनवाल, गोविंद बरनवाल सहित काफी संख्या में स्वजातीय लोग उपस्थित रहे। अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर व संचालन मोहित बरनवाल व सिद्धि बरनवाल ने संयुक्त रूप से किया। आभार ज्ञापन अध्यक्ष आशीष बरनवाल रानू ने किया।
Views: 19









