जन आकांक्षा रैली में राहुल गांधी ने ठोंकी ताल, नोटबंदी को बताया दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला

पटना(बिहार),03 फरवरी 2019। गांधी मैदान में ‘जन आकांक्षा रैली’ के बहाने कांग्रेस अपनी स्थिति मजबूत करने में लगी रही। 28 साल बाद पटना के गांधी मैदान में हो रही कांग्रेस की इस रैली को लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।जन आकांक्षा रैली में महागठबंधन के नेताओं के बीच पहुंचे राहुल गांधी ने मैदान में मौजूद महात्मा गांधी की प्रतिमा को नमन किया। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने नोटबंदी को दुनिया के सबसे बड़े घोटाले की संज्ञा दी। केन्द्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला है। मोदी कहते हैं कि हर आदमी को 15 लाख देंगे, लेकिन यहां कोई ऐसा है जिसे मिला है। बजट में किसानों के लिए की गई घोषणाओं को उनका अपमान बताया। उन्होंने तंज कसा कि मोदी सरकार पूंजीपतियों के लिए तो खूब पैसे देती है, लेकिन किसानों को 17 रुपये देती है। यह किसानों का अपमान है। मोदी जी जहां जाते हैं बड़े बड़े वादे कर जाते हैं। नीतीश जी की भी यही आदत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक है, हम सब एकजुट है और हम एक होकर भाजपा और नीतीश को हटाएंगे। नीतीश कुमार की विदाई में ज्यादा वक्त नहीं बचा है। बिहार में विपक्ष की सरकार आने वाली है। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार अंनिल अंबानी को 30 हजार करोड़, नीरव मोदी को 35 हजार करोड़ और विजय माल्य को 10 हजार करोड़ देती है, लेकिन किसानों को साढ़े तीन रुपये देती है। मोदी सरकार का यही ऐतिहासिक फैसला है?
इससे पूर्व राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 से पहले यह रैली देश को एक संदेश देगी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के किसान राहुल गांधी की वजह से खुश हैं। बिहार के किसान संघर्ष कर रहे हैं। बिहार फिर से खड़ा होगा, इसका मुझे विश्वास है क्योंकि हमारे नेता राहुल गांधी है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों से किया कर्जमाफी का वादा निभाया। मोदी सरकार ने गंगा को साफ करने का वादा किया था मगर बैंक साफ कर दिए।
लोकतांत्रिक जनता दल के मुखिया शरद यादव ने कहा कि कांग्रेस सबसे पुरानी पार्टी है। कांग्रेस आजादी की पार्टी है और आज आजादी खतरे में है, देश खतरे में है। जिस संविधान के लिए हमनें कुर्बानी दी, वो खतरे में है।देश में अघोषित आपातकाल है। इसलिए हमें एकजुट होकर इस सरकार को हटाना होगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए हमें एकजुट होना होगा। राहुल गांधी में प्रधानमंत्री बनने की क्षमता है।
इसी क्रम में जीतन राम मांझी, उपेन्द्र कुशवाहा के साथ वाम दलों के नेताओं ने भी रैली को सम्बोधित करते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।


Views: 10

Advertisements

Leave a Reply