राष्ट्रीय मतदाता दिवस ! राष्ट्रपति ने सौंपे मतदाता पहचान पत्र,चुनाव में की आधुनिक तकनीक की वकालत
नयी दिल्ली, 25 जनवरी 2019। देश की भौगौलिक, सामाजिक विविधता एवं विशालता को देखते हुये देश में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में आधुनिक तकनीक की वकालत करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि आधुनिक पद्धतियों का उपयोग निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता में सहायक हैं।
राष्ट्रपति ने आज निर्वाचन आयोग के 70 वें स्थापना दिवस व नौवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुये कहा “भौगोलिक विविधता से सम्पन्न हमारे विशाल देश में सफलतापूर्वक चुनाव कराने में आधुनिक टेक्नॉलॉजी और पद्धतियों के उपयोग से बहुत सहायता मिलती है और पूरे विश्व में भारत के लोकतन्त्र और निर्वाचन-प्रणाली का विशेष सम्मान है।” कई देशों के चुनाव-संस्थानों ने हमारी निर्वाचन प्रक्रिया और प्रबंधन का अध्ययन किया है। अनेक देशों के निर्वाचन-प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भारत के निर्वाचन-आयोग ने प्रशिक्षण दिया है। कई देशों ने अपनी चुनाव-प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के लिए हमारे निर्वाचन- आयोग का सहयोग भी लिया है। राष्ट्रपति ने भारत में आम चुनाव को ‘लोकतंत्र का महायज्ञ’ बताते हुये इस भव्य एवं विशाल अभियान में चुनाव आयोग के अथक प्रयासों को सराहना की। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने पहली बार मतदाता बने दिल्ली के छह युवा मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र भी सौंपे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया ‘‘अपने इस गौरवपूर्ण अधिकार का उपयोग करते समय, आप सबको, जानकारी, ज़िम्मेदारी, नैतिकता और संवेदनशीलता से काम लेना होगा। आप सभी युवा मतदाता उस पीढ़ी के प्रतिनिधि हैं जो पहली बार हमारे देश में इस वर्ष होने वाले आम चुनाव में मतदान करेंगे और 17वीं लोकसभा का स्वरूप तय करेंगे।
इस अवसर पर केन्द्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा और विभिन्न देशों के वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।
Views: 8








