कामयाबी ! बाइक चोर आया गिरफ्त में, छह बाइक हुई बरामद

गाजीपुर (उत्तर प्रदेश),03 जनवरी 2019। अपराधिक घटनाओं पर रोकथाम तथा अपराधियों की धरपकड़ में लगी करंडा थाना पुलिस ने क्राइम ब्रांच के सहयोग से बीती रात थाना क्षेत्र के दीनापुर नहर पुलिया के नजदीक से एक अंतर्जनपदीय वाहन चोर को चोरी की बाइक संग गिरफ्तार करने में तथा उसकी निशानदेही पर पांच अन्य बाइक बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
उक्त जानकारी अपर पुलिस निरीक्षक प्रदीप दुबे ने आज शाम प्रेसवार्ता में दी है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान प्रदीप शर्मा पुत्र श्यामलाल शर्मा निवासी कटरिया थाना करंडा के रूप में हुई। कड़ाई से पूछताछ में उसने साथियों संग मिलकर वाहनचोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कटरिया गांव से पुआल तथा बाजरे के डंठलों के बीच में छुपा कर रखी गई पांच मोटरसाइकिल भी बरामद की। इसी दौरान उसके दो साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान अरविंद यादव पुत्र लालू यादव तथा छोटू हरिजन पुत्र सिधारी निवासी धरम्मरपुर थाना करंडा के रूप में हुई। फरार अपराधियों की टोह में पुलिस लगी हुई है। बरामद बाइकों में एक हीरो स्प्लेंडर काला, एक पैशन प्रो नीला, एक पैशन प्रो नीला काला, एक पैशन प्रो काला सफेद,एक हीरो सुपर स्प्लेंडर प्रो काला लाल तथा हीरो स्प्लेंडर प्रो काले रंग की है। इस घटना का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष करंडा मंशाराम गुप्ता, क्राइम ब्रांच निरीक्षक त्रिवेणीलाल सेन,उप निरीक्षक संतोष कुमार व कुलदीप शर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक जमालुद्दीन व ओम प्रकाश तथा कांस्टेबल अरुण यादव, विनय नायक, अजय प्रसाद व जय कुमार शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस की इस कामयाबी पर ₹5000 पुरस्कार देने की घोषणा की है।


Views: 13

Advertisements

Leave a Reply