अग्निकांड ! अस्पताल में पांच जिन्दगियां स्वाहा, सौ से उपर घायल
मुंबई (महाराष्ट्र),17 दिसंबर 2018। अंधेरी क्षेत्र में स्थित कामगार अस्पताल में आज शाम अचानक लगी आग से जहां पांच लोग मौत के आगोश में समा गये,वहीं सौ से उपर लोग जख्मी हो गए। हादसे के बाद अग्निशमन की 10 गाड़ियां आग बुझाने में लगी रहीं और मौके पर बचाव कार्य जारी रहा। सूत्रों के अनुसार अंधेरी स्थित ईएसआईसी कामगार अस्पताल के तीसरे मंजिल पर आज शाम करीब सवा चार बजे अचानक आग लग गई। आग देखते देखते चौथी मंजिल तक जा पहुंची। मरीजों और उनके परिजनों को भागने का मौका मिलने से पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बुरी तरह झुलसने की वजह से पांच लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में करीब 106 लोग घायल बताए गये हैं। घायलों को इलाज के लिए समीप के कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने का कारण अभी तक अज्ञात है। मौके पर 10 फायर टेंडर, 16 ऐंबुलेंस और 1 रेस्क्यू वैन बचाव कार्य में लगे हैं, जिनके सहयोग से 47 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है और बचाव कार्य जारी है।
Views: 6








