उद्गार ! सिटी ऑफ नॉलेज के रूप में विकसित हो गोरखपुर-राष्ट्रपति

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश),10 दिसंबर 2018। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के शताब्दी-वर्ष 2032 तक गोरखपुर को ‘सिटी आफ नालेज’ के रूप में विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा कि सुविचारित योजनाओं और प्रयासों के बल पर गोरखपुर को ‘सिटी ऑफ नॉलेज’ के रूप में स्थापित करने का आप सभी को संकल्प लेना चाहिए।


उक्त वक्तव्य राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के स्थापना समारोह के समापन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पद से व्यक्त किया।
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद, गोरखपुर के ‘संस्थापक सप्ताह समारोह’ के मुख्य महोत्सव को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि लगभग डेढ़ दशक बाद 2032 में ‘परिषद’ का ‘शताब्दी वर्ष’ मनाया जाएगा। मेरा सुझाव है कि ‘परिषद’ के ‘शताब्दी वर्ष’ तक यह ज्ञान का केन्द्र बने। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान राष्ट्रीय-स्वाभिमान से जुड़ी आधुनिक शिक्षा प्रदान करने का एक अभियान शुरू हुआ था जिसमें महामना मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित ‘बीएचयू’ से लेकर महंत दिग्विजय नाथ द्वारा ‘महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद’ की स्थापना उसी शिक्षा-अभियान के ज्वलंत उदाहरण हैं। सन 1932 में इस ‘परिषद’ की स्थापना गोरखपुर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में शिक्षा के विकास को गति और दिशा प्रदान करने में मील का पत्थर साबित हुई है। राष्ट्रपति ने गोरखपुर के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बीसवीं सदी में, भारतीय दर्शन और क्रिया योग के प्रति देश और विदेश में आकर्षण उत्पन्न करने वाले परमहंस योगानंद का जन्म गोरखपुर में ही हुआ था। हज़रत रोशन अली शाह जैसे संतों; मोहम्मद सैयद हसन, बाबू बंधु सिंह और राम प्रसाद बिस्मिल जैसे शहीदों की स्मृतियों से जुड़ा यह गोरखपुर क्षेत्र बाबा राघव दास जैसे राष्ट्र-सेवी संत और महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की कर्म-स्थली भी रहा है।
इससे पूर्व अपने दो दिवसीय दौरे पर रविवार को गोरखपुर पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज सुबह गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन किए। इसके बाद राष्ट्रपति महंत दिग्विजय नाथ और महंत अवैद्यनाथ के समाधि स्थल भी गए। इस दौरान राष्ट्रपति के साथ यूपी के राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगीआदित्यनाथ भी उपस्थित रहे।

Views: 7

Advertisements

Leave a Reply