जनाक्रोश रैली ! शिवपाल सिंह यादव के  मंच पर पहुंचे मुलायम सिंह

लखनऊ, 09 दिसंबर 2018 । शिवपाल यादव ने अपनी नयी पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के मंच पर पहली बार सियासी ताकत दिखाने के लिए आज यहां रमाबाई आंबेडकर मैदान में जनाक्रोश रैली आयोजित की थी। रैली में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व उनके बड़े भाई मुलायम सिंह यादव भी आ पहुंचे।इससे शिवपाल सिंह यादव और उनके समर्थक जोश से भर गए। रैली में मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णां यादव ने शिवपाल यादव को शेर बताते हुए कहा कि आज का जनसैलाब इस बात का संकेत है कि शेर को चोट नहीं देनी चाहिये। उन्होंने लोगों से कहा कि आज बदलाव का समय है। आप कब तक गिनी चुनी पार्टी को मौका देंगे। आप 2019 में नए रूप में आगे आइये।
शिवपाल के बेटे व पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव ने कहा कि आज तक बहुत लोगों ने समाजवाद के लिए काम किया। हम हिन्दू मुस्लिम की नहीं बल्कि रोजगार के लिए, अपनी सुरक्षा के लिए बात करेंगे। हम प्रगतिशील को ही अपना धर्म बनाएंगे और उसी को आगे बढ़ाएंगे। योगी सरकार पर हमला करते हुए आदित्य ने कहा कि आज लोग शहरों के नाम बदल रहे हैं। विकास नाम बदलने से नहीं बल्कि नए शहर बनाने से होगा। इसी को विकास कहते हैं। हमें समाजवाद को फिर से जिंदा करना होगा।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के मंच पर मुलायम सिंह यादव, शिवपाल सिंह यादव, अपर्णा यादव, राज्यसभा सांसद सुखराम सिंह यादव, एमएलसी मधुकर जेटली, पूर्व मंत्री शादाब फातिमा, शारदा प्रताप व पूर्व विधायक राजेंद्र यादव मौजूद रहे।


Views: 3

Advertisements

Leave a Reply