सौगात ! उपमुख्यमंत्री ने जिले को दी करोड़ों की सौगात,विपक्षी पार्टियों को बताया मोदी फोबिया से ग्रस्त

गाजीपुर (उत्तर प्रदेश),30 नवम्बर 2018।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने आज जिले को करोड़ों की सौगात दी। जिले के सांसद और रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा की उपस्थिति में उन्होंने पीजी कालेज के खेल मैदान से समारोह का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। उन्होंने गाजीपुर और चंदौली को 175.82 करोड़ की सौगात देते हुए जिले की 45 व चंदौली की 29 सड़कों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।


जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा किसी परिवार की नहीं बल्कि जनता की सरकार है। यह सरकार बिना भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कर रही है। पिछड़ों के विकास को ध्यान में रखते हुए मोदी सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया। आज हर दिशा में हो रहे विकास कार्यों के बावजूद विपक्ष मोदी फोबिया से ग्रसित है। विपक्षी दलों की चुटकी लेते हुए कहा कि वे सब बिना दुल्हे के बाराती हैं। वे सभी मिलकर मोदी का विरोध कर रहे हैं क्योंकि वे जानते हैं कि 2019 में मोदी की सरकार बनी तो गरीबों और किसानों की समस्याएं दूर हो जाएगी। तब इन पार्टियों को पूछने वाला नहीं होगा।उन्होंने कहा कि रामजन्मभूमि पर राम मंदिर बनना ही चाहिए।
समारोह में मौजूद रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने अपने सम्बोधन में कहा कि हम विकास के पक्षधर हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देश और प्रदेश में ऐतिहासिक विकास के काम किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा जनहित में कराए गए विभिन्न कार्यों को जनता के सामने रखा। पूर्व की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश की पिछली सरकार कमीशन वाली सरकार थी। आज विपक्षी दल भाजपा से घबराकर एकजुट होकर भाजपा को सत्ता में आने से रोकना चाहते हैं, पर वह अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पायेंगे और विधानसभा चुनाव आते आते वे फिर बिखर जायेंगे।

समारोह में सदर विधायक डॉ. संगीता बलवंत व मुहम्मदाबाद विधायक अलका राय, जमानियां विधायक सुनीता सिंह, एमएलसी विशाल सिंह चंचल ,जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह सहित काफी संख्या में भाजपा नेतागण, गणमान्यजन और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

Views: 14


Leave a Reply