धुकधुकी ! तबादला एक्सप्रेस में कई अधिकारी वेटिंग में, तो कई कन्फर्म
लखनऊ (उत्तर प्रदेश),11 नवम्बर 2018।सत्ता के गलियारों से छनकर आ रही बड़ी खबर ने कई पुलिस अधिकारियों की नींद उड़ा दी है। पता चला है कि छठ पूजा के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में तबादला एक्सप्रेस दौड़ने वाली है। प्रदेश में बढ़ते अपराधों के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भृकुटी तनी हुई है। जिसके कारण त्योहारों के बाद बड़ा विभागीय फेरबदल होने की पूरी सम्भावना है। सूत्रों की माने तो स्थानान्तरण के क्रम में और अबतक कई टिकट कन्फर्म तो कई टिकट वेटिंग में बताये जा रहे हैं। पता चला है कि राजधानी का पुलिस मोहकमा भी इसकी गिरफ्त में है। एक तरफ जहां वेटिंग के अधिकारी अपने सीट के कन्फर्म होने को लेकर पशोपेश में हैं तो वहीं कन्फर्म टिकट वालों की धुकधुकी बढ़ी हुई है।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी में बढ़ते अपराध को लेकर एसएसपी कलानिधि को तलब कर पुलिसिंग में सुधार करने के लिए कहा था । बावजूद इसके बढ़ते क्राइम पर ब्रेक नहीं लगा। सूत्रों के अनुसार इसके फेहरिस्त में राजधानी लखनऊ, इलाहाबाद, मेरठ, प्रतापगढ़ अमेठी सहित 15 जनपदों के पुलिस प्रमुख शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक 23 पीपीएस से आईपीएस में प्रोन्नत अफ़सरो के साथ ही 2013 बैच के आईपीएस अधिकारियों की भी तैनाती अभी शेष है।
Views: 13









