बधाई ! भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य बने वरिष्ठ पत्रकार जयशंकर गुप्त
वाराणसी(उत्तर प्रदेश),11 नवम्वर 2018। पूर्वांचल के मऊ जनपद के कटघरा शंकर निवासी वरिष्ठ पत्रकार जयशंकर गुप्त को भारतीय प्रेस परिषद का सदस्य चुना गया है। श्री गुप्त की इस उपलब्धि पर पूरे देश सहित मऊ जनपद व पूर्वांचल के पत्रकारों व शुभचिंतकों में हर्ष व्याप्त है। लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जयशंकर गुप्त मऊ जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के कठघराशंकर गांव के निवासी हैं। उनके पिता स्व.विष्णुदेव, स्वतंत्रता संग्राम एवं समाजवादी आंदोलन के सहभागी व विधायक भी रहे हैं। गांव के प्राथमिक विद्यालय से शुरु हुई और अन्त में उन्होंने 1979 में काशी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता स्नातक की डिग्री प्राप्त कर सक्रिय पत्रकारिता में आ पहुंचे। वाराणसी, इलाहाबाद, जयपुर, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता सहित नागपुर तक लगभग 38 वर्षों की सक्रिय पत्रकारिता में अमृत प्रभात, राजस्थान पत्रिका, असली भारत, श्रीवर्षा, ब्लिट्ज, महाराष्ट्र मानस, रविवार, नवभारत टाइम्स, इंडिया टुडे, हिंदुस्तान में कार्य करने के बाद नागपुर में लोकमत समाचार के साथ कार्यकारी संपादक बने और फिर इसी पत्र के दिल्ली कार्यालय में वरिष्ठ ब्यूरो प्रमुख-कार्यकारी संपादक के रूप में सेवाएं दी। बाद में देशबंधु के कार्यकारी संपादक सह नेशनल ब्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत विभिन्न टीवी चैनलों पर सम सामयिक राजनीतिक, सामाजिक विषयों पर विशेषज्ञ, विश्लेषक के रूप में प्रस्तुति, पत्रकारिता के छात्रों को संबोधन-शिक्षण भी किया। हिंदी और अंग्रेजी के साथ ही देश की कई अन्य भाषाओँ के प्रतिष्ठित पत्र पत्रिकाओं में भी आपकी रचनाएं प्रकाशित हुई। पूर्व राष्ट्रपति डा एपीजे अब्दुल कलाम के साथ संयुक्त अरब अमीरात, सूडान और बुल्गारिया तथा रूस में मास्को, पीटर्सबर्ग, स्विट्जरलैंड, आइसलैंड और यूक्रेन जैसे देशों के भ्रमण के साथ फिलीस्तीनी मुक्ति संघर्ष के क्रम में ‘ग्लोबल मार्च टू येरूशलम’ के बैनर तले ईरान, तुर्की और लेबनान की यात्राएं की। इसके अतिरिक्त श्रीलंका, अमेरिका, चीन, थाईलैंड, म्यांमार और पड़ोसी नेपाल का भी भ्रमण किया। संयुक्त राष्ट् के यूनिफेम आदि संगठनों के साथ मिलकर ह्यूमन ट्रैफिकिंग और जेंडर वायलेंस के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाई।
1990 के दशक में पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहद प्रतिष्ठित जयदयाल, रामकृष्ण डालमिया सद्भावना पुरस्कार एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हिंदी अकादमी, दिल्ली के ‘साहित्यकार सम्मान’ पुरस्कार से सम्मानित, हिंदी अकादमी, दिल्ली के पूर्व सदस्य, भारत सरकार के मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संस्था प्रेस एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रेस इन्फार्मेशन ब्यूरो की केंद्रीय प्रेस मान्यता समिति के पूर्व सदस्य रहे श्री गुप्त, वर्तमान समय में राज्यसभा की मीडिया सलाहकार समिति के सदस्य हैं।
Views: 10









