बर्खास्तगी ! उपद्रव मामले में प्रशिक्षु और सिपाहियों की हुई घर वापसी
पटना (बिहार), 04 नवंबर 2018। दो दिन पूर्व पटना पुलिस लाइन में हुए उपद्रव के मामले में आज जांचोपरांत 175 पुलिस प्रशिक्षुओं तथा 10 सिपाहियों को बर्खास्त करने के साथ 23 आरक्षियों को निलंबित कर दिया गया । इसके साथ ही 93 पुलिसकर्मियों का जोन बदलने का निर्णय लिया गया ।
उल्लेखनीय है कि महिला सिपाही सविता कुमारी पाठक की डेंगू से हुई मौत के बाद ज्यादती का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशिक्षुओं ने पुलिस लाइन में कई वरिष्ठ अफसरों को दौड़ाकर मारापीटा। वहीं उन्होंने दो पुलिस अधिकारियों के निवास में भी तोड़फोड़ की और परिवारवालों से मारपीट की थी। ज्ञातव्य है कि गत शुक्रवार को महिला सिपाही की मौत से आक्रोशित महिला व पुरुष रंगरूट आरक्षियों ने पटना के लोदीपुर स्थित पुलिस लाइन में हंगामा किया। उन्होंने एसपी ग्रामीण, लाइन डीएसपी समेत कई थानेदारों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा , पुलिस लाइन में जमकर तोड़फोड़ करते हुए कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। आक्रोशित ट्रेनियों का आरोप था कि डेंगू होने के बावजूद सीवान निवासी सविता कुमारी पाठक को छुट्टी नहीं दी गई और बीमारी की अवस्था में भी उससे ड्यूटी कराई गई, जिसके चलते उसकी मौत हो गई थी।
Views: 6









