जल सत्याग्रह ! बालू माफियाओं के विरुद्ध किसानों ने किया शुरु
बांदा (उत्तर प्रदेश),01 नवम्बर 2018। बालू माफियाओं के मनमानेपन और दबंगई से आक्रोशित पीड़ित किसानों ने गिरवां थाना क्षेत्र के कोलावल रायपुर बालू खदान के पास केन नदी में अवैध बालू खनन और अपनी फसल उजाड़ने के विरोध में आज जबरदस्त ‘जल सत्याग्रह’ शुरू किया। पचास महिलाओं सहित करीब तीन सौ किसानों ने केन नदी की जलधारा में यह जल सत्याग्रह शुरू किया।
आन्दोलन के अगुवा राजा भइया सिंह ने कहा कि बालू माफिया बालू भरे ट्रक जबरन खेतों में से ले जाते हैं जिससे खेत की फसल चौपट होती है। किसानों द्वारा विरोध करने पर बालू माफिया के हथियारबंद लोगों ने रविवार की रात किसानों को आतंकित करने के लिए उनपर गोलियां चलाई थीं और बालू माफिया के दबाव में उस गोलीबारी कांड के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गयी।
उपजिलाधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आन्दोलन की अगुआई कर रहे सामाजिक संगठन विद्याधाम समिति के राजा भइया सिंह और चिंगारी संगठन की शोहरत फातिमा से बातचीत कर मामले को हल करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोलावल रायपुर बालू खदान में केन नदी की जलधारा में मशीनों से गहराई तक बालू खनन और बालू भरे ट्रकों को जबरन खेतों से निकालने के विरोध में यह सत्याग्रह केन नदी की जलधारा में शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि यह बालू खदान कोलकाता की स्टार नेट कंपनी को पांच साल के लिए पट्टे पर आवंटित किया गया है। मौके पर यह पाया गया है कि कंपनी ने अपने सीमा क्षेत्र से हट कर बालू खनन कराया है और बालू निकासी के लिए नदी में अस्थाई अवैध पुल का भी निर्माण किया है। इस सम्बन्ध में काररवाई होगी।
Views: 9
Advertisements







