मुठभेड़ ! इनामियां गैंगेस्टर सहित दो गिरफ्तार

गाजीपुर(उत्तर प्रदेश),01 नवम्बर 2018। पुलिस उच्चाधिकारियों के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में प्रभारी निरीक्षक थाना खानपुर बलवान सिंह ने एक गैंगस्टर सहित एक अन्य अपराधी को मय असलहा पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आज पत्र प्रतिनिधियों को इसकी जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी ने बताया कि खानपुर थाने की पुलिस टीम ने कल संध्या करीब सवा छह बजे क्षेत्र के बभनौली बिछुड़न नाथ तिराहे से मुठभेड़ के दौरान दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक अपराधी भागने में सफल रहा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान विकास उर्फ विक्की यादव पुत्र रमेश यादव तथा दिनेश यादव पुत्र ढो़ड़ा यादव निवासी मधुबन थाना खानपुर के रुप में हुई। गिरफ्तार विकास यादव के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर व एक कारतूस फायरशुदा और एक जिंदा कारतूस तथा दिनेश यादव के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक मिस कारतूस व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। तीसरे भागे अपराधी की पहचान शुभम यादव पुत्र तेरस यादव निवासी ईचवल थाना खानपुर के रुप में हुई। बताया गया कि दिनेश यादव जिले के करंडा थाना के गैंगस्टर एक्ट में 24 अप्रैल 2017 से वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ₹12000 का इनाम घोषित किया था।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह, उप निरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह व अजय कुमार पांडेय, हेड कानेस्टेबल कृपाशंकर मिश्रा व कांस्टेबल सुरेश यादव अजय कुमार चतुर्वेदी, समाकांत यादव तथा अमित कुमार शामिल रहे।


Views: 8


Leave a Reply