सौगात ! ऊर्जा मंत्री ने किया चार विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण
गाजीपुर (उत्तर प्रदेश),31 अक्टुबर 2018।जमानियां क्षेत्र के देवल गांव में आज आयोजित समारोह में उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने देवल, जंगीपुर, गोविन्दपुर व सादात के नवनिर्मित विद्युत उपकेन्द्रों के शिलापट्ट का अनावरण कर जनता को समर्पित किया। रेल राज्यमंत्री व संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा व क्षैत्रीय विधायक सुनीता सिंह की मौजूदगी में लोकार्पण सभा को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के निर्देशन में भाजपा की सरकार गाँव व गरीबों के सतत विकास में लगी है। सरकार की सारी योजनाएं गरीबों व समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास के लिये संचालित हो रही हैं। उन्होंने पूर्व की सरकार को नारियल फोड़ू सरकार बताते हुए कहा कि आज भाजपा की सरकार शिलान्यास के बाद लोकार्पण भी कर रही है। प्रदेश सरकार ने अपने 18 माह के कार्यकाल मे 80 लाख घरों में विद्युत पहुंचाया है । उन्होंने कहा कि प्रदेश मे 238 नये उपकेन्द्र तथा 524 उपकेन्द्रो की क्षमता मे वृद्धि कर हर घर को रोशन करने का प्रयास किया जा रहा है।
अपने सारगर्भित संबोधन में जिले के सांसद व रेल राज्य मंत्री व संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उसे जनसमृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश का विकास तेजी से हो रहा है। देश तेजी से आर्थिक विकास की ओर भौतिक संसाधनों के मूलभूत संरचनाओं की वृद्धि के साथ अग्रसर है। इससे लोगों के जीवन मे रचनात्मक विकास व समृद्धि के साथ विश्वास की भावना जागृत हुई है।
इस अवसर पर उर्जा मंत्री ,रेल राज्यमंत्री व क्षेत्रीय विधायक सुनीता सिंह द्वारा देवल उपकेन्द्र के लिये भूमि दाता नथुनी सिंह को सम्मानित किया गया।
लोकार्पण समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह,सदस्य विधान परिषद केदार नाथ सिंह, नरेन्द्र नाथ सिंह,परिक्षित सिंह, कृष्ण बिहारी राय, ओमप्रकाश राय, रमाकांत सिंह, रमाशंकर उपाध्याय, विष्णु प्रताप सिंह, सच्चिदानंद राय, सुनील सिंह,मुरली कुशवाहा, शिवानंद पाण्डेय सहितहजारों की संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक व भाजपा के लोग उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता रंगबहादुर सिंह व संचालन युवामोर्चा के जिला महामंत्री मानवेन्द्र सिंह ने किया।
Views: 9








