दीक्षांत समारोह ! जाति,धर्म और पंथ के नाम पर भेदभाव से सशक्त भारत का निर्माण नहीं हो सकता
आगरा(उत्तर प्रदेश),29 अक्टूबर 2018। डा. भीमराव आंबेडकर विवि आगरा के खंदारी परिसर स्थित दीक्षांत समारोह मैदान में आज 84वें दीक्षांत समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में देश 10वें से छटवें नंबर पर आ गया है। उम्मीद है कि 2030 में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा।युवाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि बड़ा बनना है तो मन बड़ा करो। छोटे मन से कोई बड़ा नहीं हो सकता और टूटे हुए मन से कोई खड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि देश एकजुट होना चाहिए। जाति, मजहब और पंथ के नाम पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। इनमें बंटकर हम सशक्त भारत का निर्माण नहीं कर सकते। सांस्कृतिक एकजुटता बनाए रखनी होगी। हम श्रेष्ठ हैं और विश्व को श्रेष्ठ बनाना है। यही संकल्प लेकर चलना होगा। इससे पूर्व कुलपति डा. अरविंद दीक्षित ने विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह में गृहमंत्री और राज्यपाल एवं कुलाधिपति राम नाईक ने गोल्डन गर्ल अवर्णा अग्रवाल को 14 पदक देकर सम्मानित किया। कुलाधिपति और राज्यपाल राम नाईक ने दीक्षोपदेश में कहा कि प्रतिज्ञा लेना आसान है लेकिन निभाना कठिन। इसके लिए दृढ़ निश्चय लेना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को तीन ‘म’ पर ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि माता, मातृभाषा और मातृभूमि पर सदैव गर्व करना चाहिए। विद्यार्थी कड़ी मेहनत, प्रामाणिकता और पारदर्शिता का पालन करने की सलाह दी। धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डा. केएन सिंह ने किया।
Views: 3









