शाबाशी ! गाजीपुर के किशोरों ने तीरंदाजी में किया नाम रोशन
गाजीपुर(उत्तर प्रदेश),30 अक्टुबर 2018। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित हुई 11वीं मिनी सब जूनियर थ्री किड्स राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में जनपद के जमानियां क्षेत्र में स्थापित द्रोणा तीरंदाजी अकादमी हेतिमपुर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 13 पदक जीतकर पूरे देश में प्रदेश व जनपद का नाम रोशन किया है।
उल्लेखनीय है कि द्रोणा आर्चरी अकादमी की तीरंदाजी टीम ने ही उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व किया और 13 पदों पर अपना परचम लहराया।
13 राष्ट्रीय पदक जीतकर जिले के नन्हे तीरंदाजों ने नया इतिहास कायम कर दिया ।पुरस्कारों के क्रम में रोहित कुमार ने मिनी सब जूनियर इंडियन राउंड में पांच पदक जिसमें 30 मीटर पर स्वर्ण , 20 मीटर पर स्वर्ण, ओवर ऑल स्वर्ण, व्यक्तिगत ओलंपिक ग्राउंड रजत, मिक्स टीम रजत पदक पर कब्जा जमाया। दूसरे प्रतिभागी निशांत सिंह ने मिनी सब जूनियर इंडियन राउंड में 2 पदक,क्ष20 मीटर का कास्यं, ओवरऑल रजत पदक तो भावना सिंह मिनी सब जूनियर इंडियन राउंड में 30 मीटर कांस्य पदक, 20 मीटर कांस्य पदक, मिक्स्ड टीम रजत पदक, टीम कांस्य पदक और अंजली कुमारी व प्रीति पाल ने कांस्य पदक अपने नाम किया।टीम के कोच राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि यह प्रतियोगिता 14 वर्ष या उससे कम तथा नौ वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए थी ।
उत्तर प्रदेश के युवा तीरंदाजों ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए सटीक निशाना लगा महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
गाजीपुर तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दुबे ने उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर कोच मुकेश तूरी, राष्ट्रीय खिलाड़ी मनीष दुबे, नमिता ,साधना, मोनिका, प्रमोद, इमरान,राजन चौधरी, अनिल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Views: 8







