रंगदारी! बीस लाख कमाने के फेर में जिम संचालक पहुंचा हवालात
वाराणसी (उत्तर प्रदेश),22 अक्टुबर 2018। फिल्में देख शीघ्र धनवान बनने की ललक में ब्लैक मेलिंग का तरीका अपनाकर जिम संचालक अमीर तो नहीं बन सका परन्तु पुलिस की मुस्तैदी से चलते वह जेल के सिकंजे तक जा पहुंचा।
एसएसपी सुरेश राव आनंद कुलकर्णी ने निर्देशन में गिरफ्तार आरोपी जिम संचालक को कल पत्रकारों के सम्मुख पेश किया। बताया गया कि एक अधिवक्ता से गत दिनों बीस लाख रुपये की रंगदारी मांगने के प्रकरण को पुलिस ने गम्भीरता से लेते हुए अपराधी को पकडऩे के लिए जाल बिछा दिया।एसपी सिटी दिनेश सिंह और एसपी क्राइम ज्ञानेंद्रनाथ प्रसाद के निर्देशन में क्राइम ब्रांच और भेलुपुर पुलिस इस मामले के खुलासे हेतु जूटी हुई थी। इसी टोह में लगे मुखबिर ने क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह को बताया कि अधिवक्ता से रंगदारी मांगने वाला व्यक्ति उनके घर की तरफ से महमूरगंज की ओर से आने वाला है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम आननफानन में उस क्षेत्र की घेरेबंदी कर अपना जाल बिछा दिया। कुछ समयोपरांत मंडुवाडीह ओवर ब्रिज की तरह से आते संदिग्ध बाइक सवार को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह भागा परन्तु पहले से चौकन्नी पुलिस ने उसे घेरकर अपनी गिरफ्त में ले लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भदोही निवासी चंद्रहहास सिंह उर्फ सीपू के रुप में हुई। पुलिसिया पूछताछ में सीपू ने बताया कि अधिवक्ता की एजेंसी के सामने ही उसका “फिटनेस जिम” है। धनवान बनने के लिए फिल्मों की तर्ज पर उसने यह कदम उठाया था और अमीर बनने से पहले ही पुलिस के फंदे में फंस गया।
इस मामले के खुलासे की जानकारी होते ही अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल पुलिस लाइन पहुंचकर एसएसपी आनंद कुलकर्णी, एसपी क्राइम ज्ञानेंद्रनाथ प्रसाद, सीओ भेलुपूर सत्येंद्र तिवारी, क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह और भेलुपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल में एडवोकेट रवि प्रकाश श्रीवास्तव ,पूर्व सहायक सचिव प्रशासन सेंटर बार अनूप कुमार सिंह, राधेश्याम शर्मा, मोनिस खान,सुलेमान खान, जैकी शुक्ला, मिथिलेश श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, राघवेंद्र यादव आदि प्रमुख रहे।
Views: 8









