एस-400 मिसाइल !पीएम मोदी और पुतिन ने दिखाई डिफेंस डील को हरी झंडी, हुए कई अहम समझौते
नई दिल्ली,05 अक्टुबर 2018। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हैदराबाद हाउस में आज S-400 मिसाइल डिफेंस डील को हरी झंडी दे दी है। अधिकारियों ने समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए है। इससे पूर्व पीएम मोदी ने कल रात अपने सरकारी आवास पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए व्यक्तिगत रात्रिभोज का आयोजन किया था।वहां दोनों नेताओं ने आपस में गले मिलकर अपनी मित्रता का इजहार किया।

दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय सहयोग और रणनीतिक मुद्दों सहित अन्य ज्वलनशील मुद्दों पर चर्चा हुई। रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ आये उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में उप प्रधानमंत्री यूरी बोरिसोव, विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और व्यापार और उद्योग मंत्री डेनिस मंटूरोव शामिल हैं। बैठक से पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी और अंग्रेजी भाषाओं में ट्वीट किया, भारत में आपका स्वागत है राष्ट्रपति पुतिन। हमारी बातचीत को लेकर उत्सुक हूं, इससे भारत-रूस संबंध और प्रगाढ़ होंगे।
रूस, भारत का पुराना दोस्त है। भारत रूस को मेक इन इंडिया के तहत बने 3 मिग-21 लड़ाकू विमान तोहफे में दे सकता है। इन तीन विमानों में 1 टाइप 75 और दो टाइप 77 एयरक्राफ्ट हैं। दरअसल, 1963 में जब भारत को कुछ लड़ाकू विमानों की जरूरत थी, तब अमेरिका और ब्रिटेन ने उसकी मदद करने इंकार कर दिया था। उस दौरान सोवियत संघ (अब रूस) ने भारत की मदद की थी और मिग-21 सौंपे थे। अब भारत इन विमानों को मेक इन इंडिया के तहत अपग्रेड करके रूस को दे रहा है।
ज्ञातव्य है कि रूस भारत को मिग-21 बनाने की तकनीक देता आया है, जिसे भारत ने मेक इन इंडिया के तहत डेवलेप किया है। आज डील फाइनल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
पीएम मोदी ने कहा कि रूस भारत का सच्चा मित्र है और पुतिन मेरे। हम दोनों नेता सोचि में हुए शिखर सम्मेलन में मिले थे। तब हमारे रिश्ते और मजबूत हुए थे , आज मैं उन रिश्तों पर विश्वास की एक और मुहर लगा रहा हूं। वहीं दूसरी ओर राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम दोनों देश पुराने मित्र हैं और कोई भी ताकत इस मित्रता को तोड़ नहीं सकती है।
उल्लेखनीय है कि कल रात दोनों राजनेताओं ने साथ में रात्रिभोज का आनंद लिया था और कई अहम मसलों पर चर्चा की। दोनों देशों के बीच एस-400 समेत 20 से अधिक समझौते हुए हैं। ये समझौते रक्षा, अंतरिक्ष, व्यापार, ऊर्जा और पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने का काम करेंगे।
Views: 4









