चैम्पियंस आॅफ अर्थ’ अवॉर्ड से सम्मानित हुए प्रधानमंत्री मोदी, कहा यह हर भारतीय का सम्मान

नई दिल्ली, 03 सितम्बर 2018। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने आज प्रवासी भारतीय भवन में आयोजित विशेष समारोह में संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को “चैम्पियंस आॅफ अर्थ” अवॉर्ड से सम्मानित किया। प्रधानमंत्री मोदी को अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन के नेतृत्व और 2022 तक भारत को एकल इस्तेमाल वाले प्लास्टिक से मुक्त कराने के संकल्प पर संयुक्त राष्ट्र ने इस सम्मान से विभूषित किया है। ये सम्मान पांच अन्य व्यक्तियों और संगठनों को भी दिया गया है। दुनिया की कुल 6 हस्तियों को सबसे बड़ा पर्यावरण अवार्ड ‘चैंपियंस ऑफ द अर्थ’ से विभूषित किया गया है। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मोदी ने कहा कि यह भारत की नित्य निरंतर परंपरा का सम्मान है। यहां प्रकृति के पंचतत्व की पूजा की जाती है। यह सम्मान उन आदिवासी भाईयों का सम्मान है जो जंगल में रहकर अपने जीवन से ज्यादा जंगलों को प्यार करते हैं।
यह भारत के मछुआरों का सम्मान है, करोडों किसानों का सम्मान है जिनके लिए ऋतु चक्र ही जीवन चक्र है। जो माटी को अपने प्राणों से प्रिय मानते हैं। यह उस नारी का सम्मान है जो पौधे में भी परमात्मा को देखती है। यह भारत में प्रकृति के लिए जीवन समर्पित करने वाले अनाम चेहरों का सम्मान है। जो गांव, जंगल, बस्ती और पहाडों पर बसें हैं। मैं इस सम्मान के लिए आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं। मोदी ने आगे कहा कि पर्यावरण के प्रति भारत की संवेदना को विश्व स्वीकार कर रहा है क्योंकि पर्यावरण भारतीय दर्शन का हिस्सा रहा है। हमारी संस्कृति का प्रकृति से सीधा रिश्ता है।
हजारों वर्षों से हमारी जीवन शैली का यह हिस्सा रहा है।


Views: 6

Advertisements

Leave a Reply