खेल रत्न !सम्मानित हुए विराट कोहली व मीरा बाई चानू
नई दिल्ली, 25 सितम्बर 2018। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और भारोत्तोलक मीराबाई चानू को साल 2018 के राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1991-92 में शुरू किए गए इस पुरस्कार को हासिल करने वाले विराट कोहली तीसरे भारतीय क्रिकेटर हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर को वर्ष 1996-97 और महेंद्र सिंह धोनी को वर्ष 2007 में राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित किया गया था।
ज्ञातव्य है कि मीराबाई चानू भी राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार हासिल करने वाली तीसरी भारोत्तोलक हैं। वर्ष 1994–1995 में कर्णम मल्लेश्वरी और वर्ष 1995-96 में एन कुंजुरानी को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से नावाजा गया था। कर्णम मल्लेश्वरी राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार हासिल करने वाली पहली महिला खिलाड़ी भी बनी थीं।
भारत सरकार द्वारा दिये जाने वाले इस सबसे बडे़ खेल पुरस्कार से विराट कोहली और मीराबाई सहित अब तक कुल 36 खिलाड़ियों को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के रूप में पदक और प्रमाणपत्र के साथ साढ़े सात लाख रुपये नकद दिए जाते हैं। मीराबाई इस पुरस्कार से सम्मानित होने वाली 35वीं और विराट 36वें खिलाड़ी हैं।
इससे पूर्व वर्ष 2008 और 2014 में किसी भी खिलाड़ी को यह पुरस्कार नहीं दिया गया था। साल 2016 में रियो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाले चार खिलाड़ियों पीवी सिंधू, दीपा कर्माकर, जीतू राय, साक्षी मलिक को एक साथ राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
Views: 7








