शिलान्यास व लोकार्पण ! पीएम ने दी बनारस को करोडो़ की सौगात

वाराणसी (उत्तर प्रदेश),18सितम्बर 2018।
अपने जन्म दिन के अवसर पर दो दिन के प्रवास पर वाराणसी आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र की जनता को बड़ा रिटर्न गिफ्ट देते हुए 557.40 करोड़ रुपये को सौगात दी। प्रधानमंत्री ने जिन परियोजनाओं का लोकार्पण किया उनमें पुरानी काशी के लिए एकीकृत बिजली विकास योजना और काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में अटल इन्क्यूबेशन केन्द्र शामिल हैं। जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया उसमें बीएचयू में रीजनल ऑप्थेमोलॉजी सेन्टर भी शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनारस दौरे के दूसरे दिन आज मंगलवार को बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान में 557 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस मौके पर’हर हर महादेव’ से अपने भाषण की शुरूआत करते हुये कहा, “मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मैं एक और वर्ष की शुरूआत बाबा विश्वनाथ और मां गंगा के आशीर्वाद से कर रहा हूं। पीएम ने कहा कि बीएचयू वर्ल्ड नॉलेज सेंटर बनाया जाएगा। काशी की धरोहरों को संजोने का काम किया जा रहा है। काशी पूर्वी भारत का हेल्थ हब बन रहा है। यह शहर ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक के बड़े हब के तौर पर उभरने वाला है। उन्होंने कहा कि हम चार सवा चार साल पहले काशीवासी बदलाव के इस संकल्प लेकर निकले थे। आज अंतर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि यहां की व्यवस्था भी यहां के झूलते तारों की तरह उलझी हुई थी। आज काशी में हर जगह परिवर्तन होता दिख रहा है। उन्होंने चार साल में कराए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि बनारस हिंदू विश्वविद्यालय को 21वीं सदी का नॉलेज सेंटर बनाने की कई परियोजनाएं शुरू की गई है।यूपी में भाजपा की सरकार बनने के बाद रिंग रोड के निर्माण से सिर्फ काशी ही नहीं, आसपास के जिलों को भी लाभ मिलने वाला है। यहां जो भी बदलाव लाने की कोशिश कर रहे है, उसमें काशी की परंपराओं-पौराणिकताओं को बचाते हुए किया जा रहा है। आज मुझे बहुत संतोष है कि हम बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से काशी के विकास को नई दिशा देने में कामयाब हुए हैं।” इससे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडेय तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभा को सम्बंधित करते हुए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।


Views: 5

Advertisements

Leave a Reply