अदृश्य पहरेदार! करेंगे भारतीय सीमा की निगरानी

नई दिल्ली, 17 सितम्बर 2018। देश की सीमा पर आज से अदृश्य निगरानी हो रही है शुरू। आज सोमवार से जम्मू में स्मार्ट फेंसिंग प्रणाली पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में काम शुरू हो गया। इस तकनीकी के जरिये आतंकियों, घुसपैठियों और दुश्मनों को बगैर पता चले उनकी हर गतिविधियों पर भारतीय सुरक्षा एजेंसियां अपनी नजर रख सकेंगी। अभी जम्मू में भारत पाकिस्तान सीमा पर पांच किलोमीटर के इलाके में इस सिस्टम को लगाया गया है। कॉम्प्रीहेंसिव इंटीग्रेटेड बॉर्डर मैनेजमेंट सिस्टम योजना के तहत लगाए गए इस सिस्टम में अदृश्य दीवार रहेगी जो सरहद की निगरानी करेगी। एक साथ कई सिस्टम काम करेंगे जो हवा में, जमीन पर और पानी में सीमा की रक्षा करेंगे। जमीन पर ऑप्टिकल फाइबर सिस्टम, पानी के रास्तों में सेंसर युक्त सोनार सिस्टम और हवा में हाई रेजोल्यूशन कैमरा व एयरोस्टेट कैमरा दुश्मन की हर चाल पर नजर रखेंगे। इसके अलावा इंफ्रा रेड सिस्टम अंतरराष्ट्रीय सीमा की फेंस पर लगा होगा। यूनीफाइड कमांड के जरिए इन सारे सिस्टम की भी निगरानी की जाएगी। सीमा पर हर हरकत की रिपोर्ट इस यूनीफाइड कमांड सेंटर को मिलेगी। किसी भी हरकत की रिपोर्ट यह यूनीफाइड कमांड सेंटर आगे क्विक रिएक्शन टीम को देगा जोकि उसके बगल में ही मौजूद होंगे और तत्काल प्रभाव से दुश्मन की हर गतिविधि पर पुख्ता कार्रवाई होगी। पिछले तीन सालों से इस योजना पर काम चल रहा था। इस प्रोजेक्ट के काम का एजेंसियां आंकलन करेंगी। जिसके आधार पर अगले तीन सालों में देश की 2,000 किलोमीटर लंबी संवेदनशील सीमा पर इस सिस्टम को लगाया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता है कि पहले भारत पाकिस्तान सीमा से लगे ज्यादा से ज्यादा इलाके में इसे लगाया जाए।


Views: 5

Advertisements

Leave a Reply