सोपोर मुठभेड़! सुरक्षाबलों ने आतंकियों को किया धराशायी
कश्मीर,13 सितम्बर 2018। उत्तरी कश्मीर में बारामूला जिले के सोपोर में आतंकियों से हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना पर राष्ट्रीय राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल तथा पुलिस के विशेष अभियान दस्ते ने सुबह सोपोर के तानकीपोरा इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान आरम्भ कर दिया, तभी वहां छिपे आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दिया। इसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी गोलियां चलाईं । आतंकियों के सहयोग में तथा सुरक्षा बलों के कार्यों में बाधा डालने की नियत से स्थानीय लोगों ने सुरक्षाबलों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थरबाजों को रोकने व वहां से हटाने के लिए सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज कर आंसूगैस के गोले छोड़े। क्षेत्र में किसी प्रकार के प्रदर्शन को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने अफवाहों पर रोक लगाने के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करवा दीं।
Views: 3








