पहल ! महापुरुषों के क्षेत्र में उन्हीं के नाम पर होगा सड़कों का नामकरण
लखनऊ(उत्तर प्रदेश),05 सितंबर 2018 । प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अनुसार अब सूबे में क्षेत्र विशेष के महापुरुषों क नाम पर इलाके की सड़कों का नामकरण किया जाएगा। मौर्य ने लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान यह बातें कहीं। कहा कि राष्ट्रीय तथा अन्तरराष्ट्रीय स्तर के महापुरूषों के नाम पर सभी 54 अंतरराज्यीय सम्पर्क मार्गों का नामकरण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इन सम्पर्क मांर्गों पर प्रवेश द्वार बनाये जायेंगे और इन मार्गों पर हरियाली विकसित करने के साथ-साथ क्षेत्र विशेष के ऐतिहासिक स्थल अथवा महापुरूष के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का उल्लेख किया जायेगा। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मभूमि लखनऊ में विभिन्न विकास कार्यों का नामकरण उन्हीं के नाम पर किया जायेगा। मौर्य ने कहा कि वर्षा के कारण जो सड़कें क्षतिग्रस्त हो गयी हैं उनकी मरम्मत एवं गड्ढ़ामुक्ति के लिये धनराशि जारी कर दी गयी है।उन्होंने सभी जिम्मेदार अभियन्ताओं को पूर्ण गुणवत्ता के साथ सड़कें जल्द से जल्द ठीक करने के निर्देश दिये।
Views: 6







