एसपी सिटी ने खाया जहर तो महिला आरक्षी ने फांसी पर लटक मौत को लगाया गले
कानपुर / बांदा (उत्तर प्रदेश),05 सितंबर 2018 । आज का दिन यूपी पुलिस पर भारी रहा। एक तरफ जहां संदिग्ध पदार्थ के सेवन से कानपुर के एसपी सिटी आईसीयू में मौत से जिन्दगी की जंग लड़ रहे हैं, वहीं कल देर शाम बांदा जिले में एक महिला पूलिसकर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बताया गया कि वर्ष 2013 के आईपीएस अधिकारी व कानपुर जिले के एसपी पूर्वी सुरेन्द्र दास ने आज सबेरे अपने सरकारी आवास पर संदिग्ध पदार्थ खाकर खुदकुशी की कोशिश की है। उल्टी होने और तबियत बिगडऩे पर स्टाफ ड्यूटी ने अधिकारियों को सूचना देकर उन्हें गंभीर स्थिति में सबेरे उर्सला के रीजेंसी अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती कराया।उन्हें आईसीयू में रखा गया है। सुरेंद्र दास मूलतः बलिया के भरौली गांव के निवासी हैं और इनकी पत्नी रवीना जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर से एमडी कर रही हैं। सुरेंद्र दास का परिवार लखनऊ में रहता है जबकि पत्नी साथ में ही रहती हैं।
उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया इसपर कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। सम्भवतः मानसिक कलह के चलते उन्होंने यह कदम उठाया होगा।चिकित्सकों के अनुसार सुरेन्द्र दास की हालत नाजुक बनी हुई है।
दूसरी ओर बांदा जिले के कमासिन थाने में तैनात महिला सिपाही नीतू शुक्ला 25 वर्ष ने कल शाम थाना परिसर में स्थित अपने सरकारी आवास में पंखे की हुक से फंदा लगाकर फांसी पर लटक अपनी जान दे दी। पुलिस अधीक्षक एस. आनंद ने आज बताया कि मंगलवार की शाम थाना प्रभारी प्रतिमा सिंह स्टाफ की बैठक कर रही थीं, तभी थाना परिसर स्थित अपने सरकारी आवास में अविवाहित महिला सिपाही नीतू शुक्ला ने आत्महत्या कर ली।वह कौशाम्बी जिले के तुलसीपुर गांव की रहने वाली थी और 14 मई 2017 से कमासिन थाने में तैनात थी। आनंद ने बताया कि अभी आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चला है, मामले की जांच की जा रही है।
Views: 7









