गाजीपुर में स्वतंत्र राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की पुरानी मांग एक बार फिर तेज
361 महाविद्यालयों वाले जनपद को मिले अपना विश्वविद्यालय
गाजीपुर। जनपद में स्वतंत्र राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग उठाते हुए पीजी कॉलेज, मलिकपुरा के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं चीफ प्रॉक्टर डॉ. शिव प्रताप यादव ने कहा कि 361 महाविद्यालयों वाले गाजीपुर को अपना विश्वविद्यालय मिलना चाहिए। इससे उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों की दूसरे जनपदों पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय स्तर पर शिक्षा एवं शोध के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
उन्होंने बताया कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की वेबसाइट पर 25 जुलाई 2025 को उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार गाजीपुर के 361 महाविद्यालय उससे संबद्ध थे। इनमें तीन राजकीय, आठ अनुदानित और 350 स्ववित्तपोषित महाविद्यालय शामिल हैं। इतनी बड़ी शैक्षणिक व्यवस्था के संचालन, परीक्षा, मूल्यांकन, शोध और गुणवत्ता सुधार के लिए स्वतंत्र विश्वविद्यालय उपयोगी साबित हो सकता है।
डॉ. यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना से कृषि, विज्ञान, तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से विश्वविद्यालय स्थापना के लिए व्यवहार्यता अध्ययन कराने, भूमि चिह्नित करने और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराकर समयबद्ध कार्ययोजना घोषित करने की मांग की। साथ ही जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, शिक्षकों और आम नागरिकों से इस मांग को सामूहिक रूप से उठाने की अपील की।
Views: 7









