विचार-अभिव्यक्ति प्रतियोगिता के मेधावी प्रतिभागी सम्मानित

प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा


गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज के तत्वावधान में रविवार को नगर के तुलसीसागर स्थित न्यू होराइजन एकेडमी के सभागार में हिंदी माध्यम की विचार-अभिव्यक्ति प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत कर प्रतिभा और अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की पूर्व प्रतिभागी एवं जयपुर, राजस्थान की प्रबंध निदेशक डॉ. किरण सिंह, निदेशक डॉ. बी.बी. सिंह तथा आदर्श इंटर कॉलेज महुआबाग के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. पारसनाथ सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

       प्रतियोगिता के प्रथम चरण में कनिष्ठ और मध्यम वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कनिष्ठ वर्ग में कक्षा चार से छह तक के विद्यार्थियों के लिए ‘मेरा परिवार-मेरी पहली पाठशाला’ विषय रखा गया था। इसमें न्यू होराइजन एकेडमी की भानवी श्रीवास्तव ने प्रथम, एसएस पब्लिक स्कूल बवाड़ा के आयुष यादव ने द्वितीय तथा द प्रेसिडियम इंटरनेशनल स्कूल की राजनंदिनी शाह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

       मध्यम वर्ग में कक्षा सात और आठ के विद्यार्थियों के लिए ‘प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा हमारा कर्तव्य’ विषय पर प्रतियोगिता हुई। इसमें न्यू होराइजन एकेडमी की अदिति राय ने प्रथम, यशी राय ने द्वितीय तथा आराध्या राय ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस वर्ग के निर्णायक मंडल में अभिषेक गौरव, आशुतोष श्रीवास्तव, डॉ. विनीता राय, प्रभु प्रकाश शर्मा और विनोद कुमार तिवारी शामिल रहे।

        द्वितीय चरण में ज्येष्ठ और वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। ज्येष्ठ वर्ग में कक्षा नौ और दस के विद्यार्थियों के लिए ‘सोशल मीडिया का विवेकपूर्ण उपयोग आवश्यक है’ विषय निर्धारित था। इसमें समता पब्लिक स्कूल कालूपुर की रिवांगिनी सिंह ने प्रथम और स्वाति सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज की अनुष्का प्रजापति तृतीय स्थान पर रहीं।

    वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए ‘चरित्र निर्माण में शिक्षा और संस्कार का योगदान’ विषय पर विचार प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। इसमें सेंट मेरीज कॉन्वेंट स्कूल की आराध्या तिवारी ने प्रथम, समता पब्लिक स्कूल कालूपुर की अनामिका यादव ने द्वितीय तथा अवंतिका यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग के निर्णायक मंडल में बालेश्वर दत्त पाण्डेय, डॉ. कृष्ण प्रताप सिंह, रामप्रवेश उपाध्याय, डॉ. उरूज फात्मा और विजय शंकर शामिल रहे।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष डॉ. रविनन्दन वर्मा, कोषाध्यक्ष राजीव कुमार मिश्र, शशिकांत राय, हर्षित श्रीवास्तव और मनोज श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने किया, जबकि संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी ने आभार व्यक्त किया।

Views: 1


Leave a Reply