रोजगार प्रोत्साहन योजना हेतु 30 नवंबर तक करें आवेदन
चयनित लाभार्थियों को बैंक ऋण पर मिलेगा अधिकतम 70 हजार रुपये तक अनुदान
गाजीपुर। बाबा साहब आंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में गाजीपुर जिले में 69 लाभार्थियों के चयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें सामान्य वर्ग के 42 और अनुसूचित जाति के 27 लाभार्थी शामिल हैं। योजना का लाभ लेने के इच्छुक व्यक्ति 30 नवंबर तक अपने संबंधित विकास खंड कार्यालय में निर्धारित प्रारूप पर आवेदन जमा कर सकते हैं।

जिला विकास अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अंतर्गत काष्ठ, लौह और एल्यूमिनियम फर्नीचर निर्माण, पेंट, मोमबत्ती, किराना, टेंट हाउस, कपड़ा एवं सिलाई, जूट बैग, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों की बिक्री व मरम्मत, कंप्यूटर-मोबाइल मरम्मत, पापड़, आलू-केला चिप्स और बेकरी उत्पादन जैसे व्यवसाय शामिल हैं। इसके अलावा भवन निर्माण सामग्री, डेयरी, मुर्गी पालन, ऑटोमोबाइल मरम्मत, सहज सेवा केंद्र, होटल, सैलून, ऑटो टैक्सी, ई-रिक्शा, प्लंबरिंग तथा दोना-पत्तल निर्माण के लिए भी ऋण की सुविधा दी जाएगी।
योजना के तहत बैंक से स्वीकृत ऋण पर सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को 25 प्रतिशत, अधिकतम 50 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग लाभार्थियों को 35 प्रतिशत, अधिकतम 70 हजार रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान है। यह अनुदान निर्धारित शर्तों के अधीन देय होगा।
जिला विकास अधिकारी ने इच्छुक लोगों से संबंधित विकास खंड कार्यालय से संपर्क कर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने तथा समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 30 नवंबर के बाद प्राप्त आवेदन-पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
Views: 0









