मुठभेड़ के बाद पंजाब के तीन गो-तस्कर गिरफ्तार

एक तस्कर को लगी गोली, दो डीसीएम से 18 गोवंश और तमंचा बरामद


गाजीपुर। गो तस्करों के विरुद्ध भांवरकोल थाना पुलिस ने बुधवार की रात मुठभेड़ के बाद पंजाब निवासी तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक आरोपित के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। वहीं पुलिस ने दो डीसीएम वाहनों से कुल 18 गोवंश, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद कर लिया।

          पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि पंजाब से गोवंश लादकर एक डीसीएम पखनपुरा होते हुए बिहार की ओर जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रसूलपुर-मुहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर घेराबंदी कर पंजाब नंबर की एक डीसीएम को रोक लिया। तलाशी में वाहन से नौ गोवंश बरामद हुए। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने दूसरी डीसीएम में भी नौ गोवंश लदे होने की जानकारी दी।

        पुलिस का कहना है कि दूसरी डीसीएम को रोकने का प्रयास करने पर उसमें सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की तो पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपित के बाएं पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त के साथ ही मौके से दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद भेजा गया। 

        गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दर्शन सिंह (58वर्ष) निवासी चौकीमान, थाना सदर जगरांव, जिला लुधियाना, पवन कुमार (30 वर्ष) निवासी बलियोंन, थाना समराला, जिला लुधियाना और सुखदीप कुमार (37 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर आठ, हिम्मतनगर, थाना समराला, जिला लुधियाना के रूप में हुई। इसमें सुखदीप कुमार मुठभेड़ में घायल हुआ था।

        पुलिस ने दोनों डीसीएम से कुल 18 गोवंश के अलावा .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। मुठभेड़ और बरामदगी के सम्बन्ध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस विधिक कार्रवाई में मशगूल रही। कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय और शेरपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार सिंह मय टीम शामिल रहे।

Views: 1


Leave a Reply