प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का संदेश देता है छठ महापर्व
✍️ डा. ए. के. राय

भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा में छठ पर्व का विशेष स्थान है। सूर्योपासना का यह महापर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक विधि-विधान के साथ मनाया जाता है। लोक आस्था के इस पर्व को डाला छठ या सूर्य षष्ठी के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण स्वच्छता, सामाजिक सौहार्द और सामूहिक सहभागिता का भी अनुपम संदेश देता है। इसमें जन, जल, जमीन, जागरूकता, जलवायु और स्वच्छता का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।
भारतीय वैदिक परंपरा में प्रकृति को जीवन का आधार और समस्त सृष्टि की पोषक शक्ति माना गया है। मानव सभ्यता आदिकाल से ही अपने जीवन और आजीविका के लिए प्रकृति पर निर्भर रही है। हमारे ऋषि-मुनियों और मनीषियों ने प्रकृति के महत्व को समझते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में उसकी आराधना और संरक्षण को विशेष स्थान दिया क्योंकि पृथ्वी, जल, अग्नि, आकाश और वायु जैसे पंचमहाभूतों के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। छठ पर्व इन्हीं प्राकृतिक तत्वों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके महत्व को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करता है।
छठ पर्व वर्ष में दो बार मनाया जाता है। पहला चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को और दूसरा कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को। दोनों अवसरों पर सूर्य देव की उपासना की जाती है। बदलते मौसम के इन कालखंडों में प्रकृति के स्वरूप में भी परिवर्तन दिखाई देता है। चैत्र में शीत ऋतु के बाद गर्मी का प्रभाव बढ़ने लगता है, जबकि कार्तिक में गर्मी के बाद ठंड का आगमन होने लगता है। इस प्रकार छठ पर्व ऋतु परिवर्तन के साथ प्रकृति के प्रति मनुष्य की संवेदनशीलता को भी अभिव्यक्त करता है।
आज जब पूरा विश्व पर्यावरण प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अनियंत्रित दोहन जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, तब भारतीय पर्व-त्योहारों में निहित प्रकृति संरक्षण की भावना और अधिक प्रासंगिक हो जाती है। भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में प्रकृति के प्रत्येक स्वरूप को सम्मान देने की सीख दी गई है। छठ के अवसर पर नदियों, तालाबों, पोखरों और अन्य जलस्रोतों की सफाई कर घाटों को व्यवस्थित किया जाता है तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाया जाता है। इस सामूहिक प्रयास से समाज में स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित होती है।
सूर्य की उपासना और जीवन में ऊर्जा का महत्व
सूर्य समस्त सृष्टि के लिए ऊर्जा और प्रकाश के प्रमुख प्राकृतिक स्रोत हैं। पृथ्वी पर जीवन का अस्तित्व सूर्य की ऊर्जा पर ही निर्भर है। छठ महापर्व में अस्ताचलगामी और उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा के माध्यम से सूर्य के दोनों स्वरूपों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। व्रती शाम के समय सूर्य की अंतिम किरणों अर्थात प्रत्यूषा और प्रातःकाल की पहली किरणों अर्थात उषा की उपासना करते हैं। धार्मिक मान्यताओं में छठी माता को उषा शक्ति का स्वरूप माना गया है। इस प्रकार यह पर्व प्रकृति की निरंतरता, ऊर्जा और जीवनदायिनी शक्ति के प्रति सम्मान प्रकट करता है। आज सूर्य की ऊर्जा का महत्व केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी स्वीकार किया गया है। सूर्य के प्रकाश से स्फूर्ति तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) को शक्ति प्राप्त होती है। योग परंपरा में सूर्य नमस्कार को शरीर को सक्रिय और ऊर्जावान बनाने वाली महत्वपूर्ण क्रिया माना गया है। नियमित रूप से योग और सूर्य नमस्कार करने से शारीरिक स्फूर्ति तथा मानसिक एकाग्रता बढ़ाने में सहायता मिलती है। आधुनिक विज्ञान ने भी सूर्य की ऊर्जा के उपयोग के अनेक रास्ते खोले हैं। आज सौर ऊर्जा (सोलर पावर) का उपयोग बिजली उत्पादन, कृषि, घरेलू आवश्यकताओं और विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों में किया जा रहा है।
प्रकृति के साथ सामंजस्य का अनूठा पर्व
छठ पर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सादगी, पवित्रता और प्रकृति के साथ निकटता है। इस पर्व में प्रकृति से प्राप्त वस्तुओं को ही प्रमुखता दी जाती है। व्रती महिलाएं और पुरुष तामसिक भोजन का त्याग कर सात्विक जीवनशैली अपनाते हैं। प्रसाद तैयार करने में गेहूं, चावल, गुड़, चीनी, घी, फल, फूल और गन्ने जैसी प्राकृतिक वस्तुओं का उपयोग किया जाता है। पूजा सामग्री रखने के लिए बांस से बने सूप और दउरा तथा मिट्टी के दीपकों का प्रयोग परंपरागत रूप से होता है। इस पर्व के दौरान घर-परिवार के सदस्य मिलकर प्रसाद तैयार करते हैं और घाटों की साफ-सफाई में सहयोग करते हैं। इससे पारिवारिक एकता के साथ सामाजिक सहभागिता की भावना भी मजबूत होती है। जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति के भेदभाव से ऊपर उठकर लोग एक-दूसरे की सहायता करते हैं। घाटों पर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना और लोकगीतों का गायन सामाजिक सौहार्द तथा सांस्कृतिक एकता को नई मजबूती प्रदान करता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठ व्रत करने से मनोकामनाओं की पूर्ति, संतान सुख, परिवार की समृद्धि और सुख-शांति प्राप्त होती है। यह व्रत विशेष रूप से महिलाओं द्वारा किया जाता है, हालांकि पुरुष भी पूरी श्रद्धा के साथ इसमें सहभागी होते हैं। इसकी कठिन साधना, संयम और नियमबद्धता इसे अन्य पर्वों से विशिष्ट बनाती है।
चार दिनों तक चलती है छठ की कठिन साधना
छठ महापर्व मुख्य रूप से चार दिनों तक मनाया जाता है। इसकी तैयारी और धार्मिक अनुष्ठान कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से प्रारंभ हो जाते हैं। पहले दिन को नहाय-खाय कहा जाता है। इस दिन व्रती स्नान आदि करके घर और रसोई की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हैं। इसके बाद लौकी की सब्जी और अरवा चावल का सात्विक भोजन ग्रहण किया जाता है। इस दिन से व्रती के खान-पान और दिनचर्या में विशेष अनुशासन शुरू हो जाता है। दूसरे दिन पंचमी तिथि को खरना का विधान होता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को स्नान और पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर तथा रोटी या पूड़ी का प्रसाद तैयार किया जाता है। सूर्यास्त के बाद पूजा करके प्रसाद ग्रहण किया जाता है।
तीसरे दिन षष्ठी तिथि को मुख्य पर्व मनाया जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हुए पूजा की तैयारियों में जुटे रहते हैं। घरों में पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं। गेहूं और गुड़ से तैयार ठेकुआ, चावल के लड्डू तथा अन्य प्रसाद के साथ विभिन्न प्रकार के फल पूजा के लिए सजाए जाते हैं। इन्हें बांस के सूप और दउरे में रखकर पूजा स्थल तक ले जाने की तैयारी की जाती है। परिवार के अन्य सदस्य भी इस कार्य में सहयोग करते हैं। शाम को व्रती परिवार और श्रद्धालुओं के साथ छठ के पारंपरिक गीतों के बीच नदी, तालाब, पोखर या अन्य जलस्रोतों के किनारे बने घाटों पर पहुंचते हैं। वहां पहले से बनाई गई मिट्टी की वेदी पर पूजा सामग्री सजाई जाती है और दीप जलाकर सूर्य देव और छठी माता की आराधना की जाती है। इसके बाद व्रती जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। यह दृश्य श्रद्धा, अनुशासन और सामूहिक आस्था का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करता है। अर्घ्य के बाद व्रती घर लौटते हैं और रात्रि में पूजा-अर्चना तथा छठ के पारंपरिक गीतों के माध्यम से जागरण करते हैं।
चौथे दिन सप्तमी तिथि को प्रातःकालीन अर्घ्य का विधान होता है। ब्रह्म मुहूर्त में ही व्रती पुनः पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचते हैं। वहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। कई स्थानों पर गौदुग्ध और जल से अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा है। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाली कठिन साधना का समापन होता है। व्रती पारण कर व्रत पूर्ण करते हैं और परिवार तथा शुभचिंतकों में प्रसाद वितरित किया जाता है।
पर्यावरण संरक्षण के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण भी महत्वपूर्ण
छठ पर्व को लेकर धार्मिक और लोक मान्यताओं के साथ कई वैज्ञानिक व्याख्याएं भी प्रचलित हैं। इस पर्व में सूर्योदय और सूर्यास्त के समय खुले वातावरण में जलस्रोतों के किनारे एकत्रित होने की परंपरा है। सुबह और शाम का प्राकृतिक वातावरण अपेक्षाकृत अनुकूल होता है। सूर्य का प्रकाश मानव शरीर की जैविक घड़ी और स्वास्थ्य पर प्रभाव डालता है। इस पर्व का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि कई दिनों तक सात्विक भोजन, संयम और नियमित दिनचर्या अपनाने की परंपरा व्यक्ति को अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देती है। वहीं जलस्रोतों की सफाई, प्राकृतिक वस्तुओं का प्रयोग और सामूहिक रूप से घाटों की व्यवस्था करना पर्यावरण के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देता है।
लोक आस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक
छठ पर्व की विशेषता यह भी है कि इसमें सामाजिक सहभागिता और सामूहिकता का अद्भुत उदाहरण देखने को मिलता है। घाटों की सफाई से लेकर प्रकाश व्यवस्था, पूजा सामग्री की उपलब्धता और व्रतियों की सुविधाओं तक में स्थानीय नागरिक, सामाजिक संस्थाएं और प्रशासन अपनी भूमिका निभाते हैं। इस दौरान लोग व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर सामूहिक जिम्मेदारी निभाते हैं। छठ के पारंपरिक गीतों में लोकजीवन, पारिवारिक संबंधों, प्रकृति, सूर्य और छठी माता के प्रति श्रद्धा की अभिव्यक्ति होती है।
छठ पर्व का वास्तविक संदेश प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, जलस्रोतों की स्वच्छता, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सामाजिक एकजुटता में निहित है। आज आवश्यकता है कि इस पर्व के दौरान दिखाई देने वाली स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को केवल चार दिनों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए। नदियों, तालाबों और पोखरों को स्वच्छ रखना, जल की बर्बादी रोकना, पेड़-पौधों का संरक्षण करना और प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

Views: 4









